ई-फार्मेसी के विरोध में कल दवा विक्रेताओं की हड़ताल, खुली रहेंगी जनऔषधि की दुकानें

युगवार्ता    19-May-2026
Total Views |
दवा की प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। ई-फार्मेसी के विरोध में बुधवार को केमिस्ट, फार्मासिस्ट और दवा वितरकों का प्रतिनिधित्व करने वाले ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स देशभर में हड़ताल पर रहेंगे। संस्था का कहना है कि यह विरोध ई-फार्मेसी और इंस्टेंट मेडिसिन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स के लिए बने नियमों में मौजूद खामियों की तरफ केंद्र सरकार का ध्यान खींचने के लिए यह हड़ताल किया जा रहा है। एआईओसीडी का दावा है कि इन कमियों की वजह से ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियां पर्याप्त निगरानी के बिना काम कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि देशभर में करीब 7-8 लाख मेडिकल स्टोर हैं, जो बंद रह सकते हैं।

वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि सभी फार्मेसी चेन और अस्पताल फार्मेसी स्टोर, जन औषधि स्टोर, अमृत फार्मेसी स्टोर कल खुले रहेंगे। इसके अलावा कई राज्य और केमिस्ट एसोसिएशन भी हड़ताल से हट चुके हैं।

ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के महासचिव राजीव सिंघल ने बताया कि यह हड़ताल लोगों को परेशान करने के लिए नहीं बल्कि सरकार को अपनी बात पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। एसोसिएशन ने इस बारे में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, गृह मंत्रालय को चिट्ठी लिखी लेकिन किसी ने भी संस्था की बातों पर गौर नहीं किया। राजीव ने बताया कि ई-फार्मेसी और इंस्टेंट डिलीवरी ऐप्स गलत या फर्जी प्रिस्क्रिप्शन पर भी दवाइयां दे रहे हैं। इनके संचालन के लिए पारंपरिक मेडिकल स्टोर की तरह सख्त नियम बनाए जाने चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags