पश्चिम बंगाल में अतिरिक्त मतगणना और पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती

युगवार्ता    02-May-2026
Total Views |
Election commission


नई दिल्ली, 02 मई (हि.स.)। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और कानून व्यवस्था की निगरानी के लिए 165 अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षकों और 77 पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती की है। आयोग ने कहा है कि अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षकों और पुलिस पर्यवेक्षकों की तैनाती यह सुनिश्चित करने के लिए की गई है कि मतगणना प्रक्रिया सुरक्षित, शांतिपूर्ण, भयमुक्त और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो।

चुनाव आयोग के अनुसार ये नियुक्तियां भारत के संविधान के अनुच्छेद 324 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा 20बी के तहत ईसीआई को प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई हैं। इस अवधि के दौरान पर्यवेक्षकों को आयोग के प्रतिनियुक्ति पर माना जाएगा और वे आयोग के पर्यवेक्षण और नियंत्रण में कार्य करेंगे। अतिरिक्त मतगणना पर्यवेक्षकों की नियुक्ति उन 165 विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना पर्यवेक्षकों की सहायता के लिए की गई है जिनमें एक से अधिक मतगणना हॉल हैं।

पुलिस पर्यवेक्षक अपने-अपने निर्धारित मतगणना केंद्रों के आसपास सुरक्षा और कानून व्यवस्था की निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि मतगणना केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था आयोग के निर्देशों के अनुसार हो। हालांकि, मतगणना के दिन पुलिस पर्यवेक्षक किसी भी परिस्थिति में मतगणना कक्ष में प्रवेश नहीं करेंगे। पुलिस पर्यवेक्षक मतगणना प्रक्रिया के लिए तैनात मतगणना पर्यवेक्षकों और अन्य चुनाव मशीनरी के साथ घनिष्ठ समन्वय में कार्य करेंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags