
भुवनेश्वर, 02 मई (हि.स.)। भारतीय माैसम विभाग (आईएमडी ) ने ओडिशा के कई हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार, राज्य के 27 जिलों में दोपहर और शाम के समय मौसम खराब रहने की संभावना है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को कई स्थानों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इससे प्रभावित जिलों में मयूरभंज, क्योंझर, बालासोर, सुंदरगढ़, कटक, खुर्दा, पुरी, गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कालाहांडी, कंधमाल, कोरापुट और मलकानगिरी शामिल हैं।
इसी तरह 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से मध्यम हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना झारसुगुड़ा, संबलपुर, बरगढ़, देवगढ़, अंगुल, ढेंकानाल, बौध, नबरंगपुर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर और नयागढ़ जिलों में जताई गई है।
4 मई के लिए भी मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, जिनमें मयूरभंज, बालासोर, खुर्दा, कंधमाल, रायगढ़ा, गजपति, गंजाम, मलकानगिरी, कोरापुट और नबरंगपुर शामिल हैं।
इसके अलावा, 5 मई को कई जिलों में स्थिति और गंभीर होने की संभावना जताई गई है। इस दिन मयूरभंज, क्योंझर, बालासोर, भद्रक, गंजाम, गजपति और रायगढ़ा जिलों में ओलावृष्टि और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, सोनपुर, बौध, नुआपड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कंधमाल, नबरंगपुर, कोरापुट, मलकानगिरी, जाजपुर, केंद्रापड़ा, कटक और जगतसिंहपुर जैसे जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर और शाम के समय विशेष सतर्कता बरतें। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने, खुले मैदानों और जलाशयों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों और बाहरी काम करने वाले लोगों को अपनी गतिविधियां सावधानीपूर्वक योजना बनाकर करने को कहा गया है।
इसके साथ ही मछुआरों को 5 मई तक उत्तरी ओडिशा तट के आसपास समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है, क्योंकि इस दौरान समुद्री स्थिति खराब रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो