
(अपडेट - कटेगरी में बदलाव के साथ)
मालदा, 02 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने कार्यकर्ताओं को तैयार करने में जुट गई है। दोनों पार्टियां अपने कार्यकर्ताओं को मतगणना से संबंधित जानकारी और प्रशिक्षण देने में जुटी है।
इसी क्रम में शनिवार को भाजपा के केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी में पुरातन मालदा के एक होटल में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इसमें केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राष्ट्रीय महामंत्री और पश्चिम बंगाल के प्रभारी सुनील बंसल, मंगल पांडेय, सांसद खगेन मुर्मू समेत मालदा डिवीजन के 28 विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा उम्मीदवार और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में मुख्य रूप से मतगणना की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक के बाद उत्तर मालदा के सांसद खगेन मुर्मू ने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके अच्छे काम के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें धन्यवाद देने के साथ संगठनात्मक दिशा-निर्देश भी दिए। उत्तर मालदा के सांसद विश्वास जताया कि मतगणना के बाद भाजपा को बड़ी सफलता मिलेगी और राज्य में पार्टी का प्रदर्शन मजबूत रहेगा उन्होंने दावा किया की चार मई को पूरा बंगाल भगवामय होगा।
उल्लेखनीय है कि, मतगणना के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस की ओर से भी एक अहम बैठक शनिवार शाम कोलकाता में होने जा रही है जिसमें पार्टी सुप्रीमो व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और महासचिव व लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।------------------
हिन्दुस्थान समाचार