संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक के लिए ईरानी विदेश मंत्री को निमंत्रण

युगवार्ता    20-May-2026
Total Views |

तेहरान/न्यूयॉर्क, 20 मई (हि.स.)। ईरान के विदेश मंत्री को अगले सप्ताह न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाली संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की बैठक में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। इस जानकारी की पुष्टि ईरानी विदेश मंत्रालय की ओर से की गई है। यह बैठक अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर केंद्रित रहने की संभावना है।

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने बताया कि विदेश मंत्री अब्बास अराघची को परिषद की बैठक में भाग लेने का औपचारिक आमंत्रण भेजा गया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ईरानी विदेश मंत्री इस बैठक में व्यक्तिगत रूप से हिस्सा लेंगे या नहीं।

जानकारी के अनुसार, इस महीने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता चीन के पास है। ऐसे में इस बैठक को वैश्विक कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब पश्चिम एशिया और कई अन्य क्षेत्रों में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं।

मंगलवार को प्रस्तावित इस बैठक में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक चुनौतियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

हाल के महीनों में ईरान को लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार चर्चा होती रही है। परमाणु कार्यक्रम, क्षेत्रीय सुरक्षा और पश्चिमी देशों के साथ संबंधों को लेकर कई मुद्दे वैश्विक विमर्श के केंद्र में बने हुए हैं। ऐसे में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की यह बैठक और उसमें ईरान की संभावित भागीदारी पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें टिकी हुई हैं।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags