साइप्रस के राष्ट्रपति नई दिल्ली पहुंचे, शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी के साथ करेंगे वार्ता

युगवार्ता    21-May-2026
Total Views |
साइप्रस के राष्ट्रपति का दिल्ली में स्वागत करते मंत्री अजय टमटा


नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स अपनी चार दिवसीय राजकीय यात्रा में मुंबई से गुरुवार शाम नई दिल्ली पहुंचे। कल राष्ट्रपति निकोलस प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक्स पर उनके आगमन की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टमटा ने उनका अभिनंदन किया।

प्रवक्ता ने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की जून 2025 में साइप्रस की ऐतिहासिक यात्रा से मिली गति को आगे बढ़ाती है और भारत-साइप्रस साझेदारी को और मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स 20-23 मई तक भारत की राजकीय यात्रा पर हैं। उनके साथ विदेश मंत्री डॉ. कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस, परिवहन, संचार और निर्माण मंत्री एलेक्सिस वाफेडेस, वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारिक नेताओं सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। पद पर रहते हुए यह उनकी पहली भारत यात्रा है।

कल प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, संस्कृति, आवागमन, रक्षा एवं सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, वित्तीय प्रौद्योगिकी, नवाचार और अनुसंधान सहित पारस्परिक हित के विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। वे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग सहित क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।

प्रधानमंत्री अतिथि के सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन करेंगे। राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। वे उनके अतिथि के सम्मान में एक आधिकारिक भोज का आयोजन भी करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Tags