भोजपुरी अभिनेत्री मोनालिसा ने किए बाबा महाकाल के दर्शन, नंदी हॉल में बैठकर देखी भस्म आरती

युगवार्ता    21-May-2026
Total Views |
भोजपुरी अभिनेत्री मोनालिसा ने किए बाबा महाकाल के दर्शन


बाबा महाकाल का राजा स्वरूप में श्रृंगार


- भस्म आरती में महाकाल का भांग, चंदन, रजत मुकुट और त्रिपुंड अर्पित कर राजा स्वरूप में श्रृंगार

उज्जैन, 21 मई (हि.स.)। भोजपुरी फिल्मों और और टीवी की जानी-मानी अभिनेत्री मोनालिसा (अंतरा बिस्वास) ने गुरुवार तड़के मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वे प्रातःकालीन भस्म आरती में भी शामिल हुईं। तड़के भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का भांग, चंदन, रजत मुकुट और त्रिपुंड अर्पित कर राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया।

महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी महेश शर्मा ने बताया कि सुबह चार बजे मंदिर के पट खुलते ही पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया और दूध, दही, घी, शक्कर व फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात प्रथम घंटानाद के साथ हरि ओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद जटाधारी भगवान महाकाल को मस्तक पर रजत चंद्र, भांग, चंदन और गुलाब के फूलों की माला अर्पित की गई। रजत मुकुट और त्रिपुंड से उनका दिव्य श्रृंगार किया गया।

श्रृंगार पूर्ण होने के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर भस्म रमाई गई। भगवान महाकाल का भांग, ड्रायफ्रूट और आभूषणों के साथ फूलों से राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया। भस्म अर्पित करने के बाद शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। भगवान महाकाल ने गुलाब के सुगंधित पुष्प धारण किए। फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। भस्म आरती में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। महानिर्वाणी अखाड़ा की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई। मान्यता है कि भस्म अर्पित होने के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में दर्शन देते हैं।

अभिनेत्री मोनालिसा तड़के करीब 3 बजे उज्जैन पहुंचीं। उन्होंने तड़के महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। उन्होंने करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल की भस्म आरती देखी। इस दौरान वह भक्ति में लीन नजर आईं। आरती देखने के बाद उन्होंने नंदी जी का पूजन-अभिषेक किया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना कही। इसके बाद चांदी द्वार से भगवान महाकाल को पुजारी के हाथों जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। आरती के पश्चात श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत और सत्कार किया गया।

दर्शन के उपरांत मोनालिसा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बाबा ने बुलाया और हम आ गए। कैसे इतनी भीड़ में शामिल होकर दर्शन किये, पता नहीं चला। भगवान का श्रृंगार होते देख आश्चर्य हुआ कि कैसे यह हो जाता है।

गौरतलब है कि मोनालिसा भोजपुरी फिल्मों और बिग बॉस 10 सहित कई हिंदी टीवी धारावाहिकों में अभिनय के लिए जानी जाती हैं। उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता बिग बॉस 10 से मिली। इसके अलावा उन्होंने नज़र और नमक इश्क का जैसे चर्चित धारावाहिकों में मुख्य नकारात्मक भूमिकाएं निभाई हैं। उन्होंने हिंदी, बंगाली, ओड़िया, तमिल, कन्नड़ और तेलुगु फिल्मों के साथ 200 से अधिक भोजपुरी फिल्मों में अभिनय किया है। वह पवन सिंह, दिनेश लाल यादव और खेसारी लाल यादव जैसे दिग्गज भोजपुरी सितारों के साथ काम कर चुकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags