
गान्धीनगर, 21 मई (हि.स.)। गुजरात के तीन दिवसीय दौरे पर आई जॉइंट पार्लियामेंटरी कमेटी (जेपीसी) ने दावा किया है कि देश में एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव कराने से करीब 7 लाख करोड़ रुपये की बचत होगी। समिति के चेयरमैन पी पी चौधरी ने कहा कि यह राशि देश में विकास कार्यों, गरीब कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सार्वजनिक सुविधाओं पर खर्च की जा सकेगी।
जेपीसी के सदस्यों ने 20 मई को गुजरात के मुख्य सचिव समेत वरिष्ठ अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद समिति के चेयरमैन पी पी चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया, जिसमें कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया गया।
समिति के अनुसार, ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ लागू होने से भारत की जीडीपी में भी लगभग 1.6 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है। इस प्रस्ताव के संबंध में विभिन्न विभागों से इनपुट लेकर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश गुजरात के मुख्य सचिव को दिए गए हैं।
जेपीसी ने एक साथ चुनाव कराने को लेकर 18 हजार पन्नों की रिपोर्ट तैयार की है, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया है। रिपोर्ट में यह भी सिफारिश की गई है कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होने के बाद 100 दिनों के भीतर नगर निकाय और पंचायत चुनाव भी कराए जाएं।
समिति अब तक महाराष्ट्र, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और कर्नाटक सहित कई राज्यों का दौरा कर चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे