वॉशिंगटन, 21 मई (हि.स)। ईरान को लेकर बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया है कि ईरानी बंदरगाहों की समुद्री नाकेबंदी के दौरान अब तक 94 व्यावसायिक जहाजों ने अपना मार्ग बदल लिया है। अमेरिकी पक्ष के अनुसार यह कदम क्षेत्र में लागू प्रतिबंधों और निगरानी व्यवस्था के चलते उठाया गया है।
सेंटकॉम ने कहा कि इसके अलावा चार अन्य जहाजों को भी रोका गया, ताकि वे कथित तौर पर लागू समुद्री प्रतिबंधों का उल्लंघन न कर सकें। हालांकि इन जहाजों की पहचान या कार्रवाई की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी प्रशासन ईरान पर दबाव बढ़ाने की रणनीति के तहत उसके बंदरगाहों से जुड़े समुद्री संचालन पर कड़ी निगरानी रख रहा है। अमेरिका का मानना है कि इस तरह के कदमों से तेहरान पर कूटनीतिक दबाव बढ़ाया जा सकता है और क्षेत्रीय संघर्षों को लेकर बातचीत की दिशा में प्रगति संभव हो सकती है।
अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल ईरानी बंदरगाहों से जुड़े जहाजों तक सीमित है और अन्य देशों के सामान्य समुद्री व्यापार में हस्तक्षेप नहीं किया जा रहा है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय