
नई दिल्ली, 22 मई (हि.स)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की गुवाहाटी क्षेत्रीय इकाई ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में इस हफ्ते की शुरुआत में संचालित किए गए दो बड़े अभियानों में लगभग 60 हजार किलोग्राम तस्करी की गई विदेशी सुपारी जब्त की है।
मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि शुरुआती जांच में पता चला कि इस विदेशी सूखी सुपारी की म्यांमा-मिजोरम सीमा के रास्ते म्यांमा से भारत में तस्करी की जा रही थी। डीआरआई ने विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर मिजोरम और असम में अभियान संचालित करते हुए ये ज़ब्ती की है।
वित्त मंत्रालय ने कहा कि इस अभियान में डीआरआई को असम राइफल्स की 38वीं बटालियन का सहयोग मिला। अब तक इन अभियानों में पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मंत्रालय ने बताया कि पड़ोसी देश से सुपारी की अवैध आवक घरेलू सुपारी उत्पादकों को गंभीर आर्थिक नुकसान पहुंचा रही है और सीमावर्ती क्षेत्रों में आर्थिक सुरक्षा को कमजोर कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर