दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग के ट्रायल 24 मई से होंगे, देशभर के खिलाड़ियों में उत्साह

युगवार्ता    22-May-2026
Total Views |
दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग (डीपीवीएल)’ लोगो


नई दिल्ली, 22 मई (हि.स.)। भारत की पहली महिला नेतृत्व वाली पेशेवर वॉलीबॉल लीग ‘दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग (डीपीवीएल)’ ने अपने पहले सीजन के लिए शुक्रवार को खिलाड़ी चयन ट्रायल की घोषणा कर दी है। पहले चरण के ट्रायल 24 मई को सुबह 8 बजे से लक्ष्मी पब्लिक स्कूल, कड़कड़डूमा में होंगे।

लीग प्रबंधन के अनुसार देशभर के खिलाड़ियों को अवसर देने और प्रतिभाओं की बेहतर पहचान के लिए ट्रायल कई चरणों में आयोजित किए जाएंगे।सभी चरणों के ट्रायल पूरे होने के बाद चयनित खिलाड़ियों को आधिकारिक ऑक्शन पूल में शामिल किया जाएगा, जहां डीपीवीएल की छह फ्रेंचाइजी टीमें अपने-अपने स्क्वॉड के लिए खिलाड़ियों का चयन करेंगी।

डीपीवीएल की संस्थापक नीति रावत ने कहा कि ट्रायल को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रायल चरणबद्ध तरीके से आयोजित किए जा रहे हैं और पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान हमें बेहद शानदार प्रतिक्रिया मिली है। हमें खुशी है कि देश के 20 से अधिक राज्यों से खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। यह दिखाता है कि डीपीवीएल भारतीय वॉलीबॉल में तेजी से अपनी पहचान बना रही है।

उन्होंने आगे कहा, “लीग की औपचारिक शुरुआत के कुछ ही महीनों में डीपीवीएल को आकार लेते देखना प्रेरणादायक है। फेज-1 ट्रायल बेहद रोमांचक होने वाले हैं और हमें उम्मीद है कि यहां से नई प्रतिभाएं सामने आएंगी, जो भविष्य में वॉलीबॉल में बड़ा नाम बन सकती हैं।”

इन ट्रायल्स का उद्देश्य प्रतिभाशाली वॉलीबॉल खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें पेशेवर मंच उपलब्ध कराना है। इस साल की शुरुआत में लॉन्च हुई डीपीवीएल को दिल्ली वॉलीबॉल एसोसिएशन और दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन का समर्थन प्राप्त है।

लीग का लक्ष्य भारत में वॉलीबॉल के लिए एक मजबूत और टिकाऊ संरचना तैयार करना है, जिसमें खिलाड़ियों के विकास, प्रतिस्पर्धी माहौल और बेहतर मीडिया कवरेज पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग के पहले संस्करण में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। लीग का उद्घाटन सत्र इसी वर्ष आयोजित किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि यह लीग भारतीय वॉलीबॉल को नई पहचान देने में अहम भूमिका निभाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags