प्रधानमंत्री को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को विदेश से मिल रही हैं धमकियां, दहशत में परिवार

युगवार्ता    22-May-2026
Total Views |
विक्रम साव


कोलकाता, 22 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को झालमुड़ी खिलाकर चर्चा में आए दुकानदार विक्रम साव को अब विदेश से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। विक्रम साव का दावा है कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान और बांग्लादेश से फोन तथा वीडियो कॉल के जरिए धमकी दी जा रही है, जिससे उनका पूरा परिवार भयभीत है।

दरअसल, हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी झाड़ग्राम पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानदार विक्रम साव की दुकान पर रुककर प्रसिद्ध बंगाली व्यंजन झालमुड़ी का स्वाद लिया था। प्रधानमंत्री और विक्रम साव के बीच हुई बातचीत और तस्वीरें सोशल मीडिया से लेकर राष्ट्रीय मीडिया तक चर्चा का विषय बन गई थीं। इसके बाद विक्रम साव अचानक सुर्खियों में आ गए थे।

अब यही पहचान उनके लिए परेशानी का कारण बनती दिखाई दे रही है। विक्रम साव ने बताया कि प्रधानमंत्री के उनकी दुकान पर आने के कुछ समय बाद से ही उन्हें लगातार धमकी भरे फोन और वीडियो कॉल आने लगे। उनका कहना है कि कॉल करने वाले लोग पाकिस्तान और बांग्लादेश से होने का दावा करते हैं।

विक्रम साव के अनुसार, धमकी देने वाले लोग वीडियो कॉल पर हथियार दिखाकर उन्हें डराने की कोशिश करते हैं और बम से उड़ाने जैसी धमकियां देते हैं। उन्होंने कहा, “मुझे पाकिस्तान से लगातार वीडियो और फोन कॉल आ रहे हैं। कॉल करने वाले लोग मुझे जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी दे रहे हैं।”

विक्रम साव ने बताया कि कई बार उन्होंने कॉल उठाने से बचने की कोशिश की, लेकिन अलग-अलग नंबरों से लगातार फोन आते रहे। विक्रम साव ने आरोप लगाया कि कॉल करने वाले लोग गाली-गलौज भी करते हैं और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हैं।

विक्रम साव ने यह भी कहा कि उन्हें बांग्लादेश से भी धमकी भरे कॉल प्राप्त हुए हैं। उनके अनुसार, कॉल करने वाले लोग पूछते हैं कि “तुम जिंदा हो या मर गए।” इसके अलावा व्हाट्सऐप पर भी धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं, जिनमें बम विस्फोट में मारने की चेतावनी दी गई है।

हालांकि विक्रम साव का कहना है कि धमकी देने वालों ने सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके संबंध का उल्लेख नहीं किया, लेकिन प्रधानमंत्री के उनकी दुकान पर आने के बाद ही इस तरह के कॉल आने शुरू हुए।

उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले पहले धार्मिक अभिवादन करते हैं और उसके बाद धमकी देना शुरू कर देते हैं। लगातार मिल रही धमकियों से उनका परिवार मानसिक तनाव और भय के माहौल में जी रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन की ओर से विक्रम साव को सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई है। उनकी दुकान और आसपास के इलाके में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

विक्रम साव ने केंद्र सरकार और प्रशासन से अपने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। पुलिस अब कॉल के स्रोत और धमकी देने वालों की पहचान करने में जुटी हुई है।--------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags