एशियाई उत्पादकता संगठन की शासी निकाय की 68वीं बैठक संपन्न

युगवार्ता    23-May-2026
Total Views |
एशियाई उत्पादकता संगठन की बैठक का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 23 मई (हि.स)। एशियाई उत्पादकता संगठन (एपीओ) की शासी निकाय की 68वीं बैठक यहां संपन्न हो गई। एपीओ शासी निकाय ने अपने तीन दिवसीय इस बैठक में 'विजन 2030' रोडमैप और संस्थागत प्रदर्शन उपायों की समीक्षा की।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि एशियाई उत्पादकता संगठन (एपीओ) की शासी निकाय की बैठक (जीबीएम) की 68वीं बैठक, 20–22 मई तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में तीन दिनों तक चली चर्चाओं, रणनीतिक विचार-विमर्श और उच्च-स्तरीय वार्ताओं के बाद, नई दिल्ली में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

मंत्रालय ने बताया कि इस बैठक की मेजबानी राष्ट्रीय उत्पादकता परिषद (एनपीसी) ने भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के तत्वावधान में की। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय उत्पादकता संगठनों (एनपीओ) के प्रमुखों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, नीति-निर्माताओं, उत्पादकता विशेषज्ञों और एपीओ सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

उल्लेखनीय है कि एशियाई उत्पादकता संगठन की 68वीं गवर्निंग बॉडी बैठक की सफल मेज़बानी ने उत्पादकता को बढ़ावा देने, क्षेत्रीय सहयोग को मज़बूत करने और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सतत सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की पुनः पुष्टि की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags