‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के 49 प्रतिशत फॉलोअर पाकिस्तान से: सुकांत मजूमदार

युगवार्ता    23-May-2026
Total Views |
सुकांत मजूमदार


कोलकाता, 23 मई (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने शनिवार को दावा किया कि व्यंग्यात्मक डिजिटल मंच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के लगभग आधे सोशल मीडिया फॉलोअर पाकिस्तान से हैं।

सुकांत मजूमदार ने कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का इंस्टाग्राम खाता अब निलंबित हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मंच के 49 प्रतिशत फॉलोअर पाकिस्तान से हैं, जबकि भारत से केवल नौ प्रतिशत फॉलोअर जुड़े हुए थे।

यह विवाद पिछले सप्ताह उस समय शुरू हुआ था, जब भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की ओर से अदालत की सुनवाई के दौरान ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ संबंधी कथित टिप्पणियों को लेकर बहस छिड़ गई थी। बाद में प्रधान न्यायाधीश ने स्पष्ट किया था कि उनकी टिप्पणी फर्जी और अवैध डिग्री के सहारे कानूनी पेशे में आने वाले लोगों के संदर्भ में थी और उसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया।

इस बीच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दावा किया कि संगठन के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम पेज, उनका निजी इंस्टाग्राम खाता और संगठन का एक्स हैंडल या तो हैक कर लिया गया है या फिर रोक दिया गया है।

अभिजीत दिपके ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि फिलहाल संगठन को अपने किसी भी मंच तक पहुंच नहीं है और इसके बाद किए जाने वाले किसी भी पोस्ट को आधिकारिक बयान नहीं माना जाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और नीट-यूजी 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर चलाए गए अभियान के कारण की गई है। दिपके ने कहा कि सरकार की विफलता के कारण एक छात्र की जान चली गई, लेकिन कार्रवाई शिक्षा मंत्री के खिलाफ होने के बजाय ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने बेरोजगारी, शिक्षा नीति और कथित परीक्षा प्रश्नपत्र लीक जैसे मुद्दों पर व्यंग्यात्मक डिजिटल अभियान चलाकर पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रियता हासिल की थी।

दिपके ने यह भी दावा किया कि संगठन की वेबसाइट बंद कर दी गई है और अभियान शुरू करने के बाद से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। हालांकि संगठन के बैकअप एक्स खाते ‘कॉकरोच इज बैक’ ने दावा किया कि कथित कार्रवाई के बावजूद अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags