दिल्ली-एनसीआर समेत देश के बड़े हिस्से को अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत के आसार नहीं

युगवार्ता    23-May-2026
Total Views |
लोग भीषण गर्मी से बचाव के लिए छतरी का उपयोग करते हुए।


नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। दिल्ली और एनसीआर समेत उत्तर एवं मध्य भारत में शनिवार को भी भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहा।अगले कुछ दिनों तक इससे राहत मिलने के आसार नहीं हैं, जबकि दक्षिण तथा पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार रविवार (24 मई) से आसमान साफ रहने और कुछ जगहों पर लू चलने के आसार हैं। इस दिन 20-30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी रफ्तार दिन के दौरान 40 किमी प्रति घंटा हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 43-45 डिग्री सेल्सियस और 27-29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। 25 मई को दोपहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवाओं की गति 45 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने 26 मई को राजधानी के कुछ क्षेत्रों में लू चलने और 20-30 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है। दिन में हवाओं की गति बढ़कर 45 किमी प्रति घंटा हो सकती है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 43-45 डिग्री सेल्सियस और 28-30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।

अगले कुछ दिनों तक देश के बड़े हिस्से को गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में 24-29 मई तक और मध्य तथा पूर्वी भारत में अगले 7 दिनों तक और पूर्वी व उससे सटे प्रायद्वीपीय भारत में 23-26 मई के बीच भीषण लू का प्रकोप रहने की आशंका है। एक तरफ जहां उत्तर भारत तप रहा है, वहीं पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।

पिछले 24 घंटों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर 11-20 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बिहार, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा में 7-11 सेमी बारिश हुई। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि हुई। इसके अलावा पंजाब, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर राज्यों में 50-80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी और तूफान दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश (पश्चिमी और पूर्वी), दक्षिणी हरियाणा, उत्तरी तेलंगाना, पूर्वी मध्य प्रदेश और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी तेज लू दर्ज की गई, जहां पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 43-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags