अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने प्रधानमंत्री से की मुलाकात, ट्रंप की ओर से व्हाइट हाउस आने का दिया न्योता

युगवार्ता    23-May-2026
Total Views |
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करते हुए


नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की ओर से उन्हें निकट भविष्य में व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया।

बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। रूबियो ने रक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकी, व्यापार एवं निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी, शिक्षा और लोगों के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की जानकारी प्रधानमंत्री को दी। रूबियो ने पश्चिम एशिया की स्थिति समेत विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर अमेरिकी दृष्टिकोण भी साझा किया।

मोदी ने शांति प्रयासों के प्रति भारत के लगातार समर्थन को दोहराते हुए कहा कि सभी संघर्षों का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से होना चाहिए। उन्होंने रूबियो से राष्ट्रपति ट्रंप को अपनी शुभकामनाएं पहुंचाने का आग्रह किया और कहा कि वह उनके साथ आगे भी निरंतर संवाद की अपेक्षा रखते हैं।

मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो का स्वागत करके खुशी हुई। भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में हो रही निरंतर प्रगति और क्षेत्रीय तथा वैश्विक शांति एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका वैश्विक हित के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।

वहीं, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक में मार्को रूबियो के साथ शामिल होकर बहुत अच्छा लगा। हमने सुरक्षा, व्यापार और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सार्थक चर्चा की। ये ऐसे क्षेत्र हैं जो दोनों राष्ट्रों को मजबूत करते हैं और एक स्वतंत्र एवं खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को आगे बढ़ाते हैं। भारत, अमेरिका का एक महत्वपूर्ण साझेदार बना हुआ है।

सर्जियो गोर ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि विदेश मंत्री रूबियो ने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को निकट भविष्य में व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags