ईरान का आरोप- युद्ध समाप्ति वार्ता में अमेरिका नहीं बरत रहा ईमानदारी

युगवार्ता    23-May-2026
Total Views |

तेहरान, 23 मई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कूटनीतिक प्रयासों के बीच ईरान ने अमेरिका पर वार्ता प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा कि युद्ध समाप्ति से जुड़ी बातचीत में अमेरिका की भूमिका पूरी तरह भरोसेमंद नहीं दिखाई दे रही है और ईरान अपने अधिकारों के मुद्दे पर किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।

तेहरान में पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर के साथ हुई बैठक के दौरान क्षेत्रीय हालात और चल रहे कूटनीतिक प्रयासों पर चर्चा हुई। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब पाकिस्तान क्षेत्र में तनाव कम करने और विभिन्न पक्षों के बीच संवाद को बढ़ावा देने की कोशिशों में सक्रिय बताया जा रहा है।

क्षेत्र में कई सप्ताह तक चले संघर्ष के बाद युद्धविराम लागू होने के बावजूद हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं। विशेष रूप से होर्मुज स्ट्रेट के आसपास समुद्री गतिविधियां अभी भी प्रभावित बताई जा रही हैं। इस स्थिति का असर वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर भी पड़ रहा है, क्योंकि यह मार्ग अंतरराष्ट्रीय तेल और गैस आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार पाकिस्तान सेना प्रमुख ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान से भी मुलाकात की। इस दौरान विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न स्तरों पर अलग-अलग बैठकों में संभावित समाधान और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।

रिपोर्टों के अनुसार बातचीत में ईरान द्वारा तैयार किए गए 14 बिंदुओं वाले प्रस्ताव पर भी विशेष ध्यान दिया गया। माना जा रहा है कि तेहरान चाहता है कि भविष्य की किसी भी वार्ता प्रक्रिया को इसी ढांचे के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags