इवांका ट्रम्प को मारने की कथित धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

युगवार्ता    23-May-2026
Total Views |

वॉशिंगटन, 23 मई (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के परिवार की सुरक्षा से जुड़ा एक मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी जांच एजेंसियों ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप को कथित रूप से मारने की धमकी देने का आरोप है।

रिपोर्टों के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 32 वर्षीय इराकी नागरिक मोहम्मद बाकेर साद दाऊद अल-सादी के रूप में की गई है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि उसने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए इवांका ट्रंप को निशाना बनाने से जुड़े संदेश साझा किए थे।

मामले की जांच के दौरान अधिकारियों को कथित रूप से कुछ दस्तावेज और डिजिटल सामग्री भी मिली है। मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि जांचकर्ताओं को इवांका ट्रंप और उनके पति जैरेड कुशनर के फ्लोरिडा स्थित निवास से संबंधित जानकारी भी प्राप्त हुई है।

बताया जा रहा है कि आरोपित ने सोशल मीडिया पर ऐसे संदेश पोस्ट किए थे, जिनमें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चुनौतीपूर्ण भाषा का इस्तेमाल किया गया था। अमेरिकी एजेंसियां अब इस बात की जांच कर रही हैं कि मामला केवल ऑनलाइन धमकियों तक सीमित था या इसके पीछे किसी व्यापक योजना के संकेत मौजूद थे।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags