
नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। मैनचेस्टर यूनाइटेड के स्टार मिडफील्डर ब्रूनो फर्नांडिस को प्रीमियर लीग 2025-26 सीजन का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया है। पुर्तगाल के इस दिग्गज फुटबॉलर ने पहली बार यह प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किया।
ब्रूनो फर्नांडिस ने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन करते हुए मैनचेस्टर यूनाइटेड को यूईएफए चैंपियंस लीग में वापसी दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 37 लीग मैचों में 8 गोल और 20 असिस्ट दर्ज किए। इस तरह वह कुल 28 गोलों में सीधे तौर पर शामिल रहे और टीम को अंक तालिका में तीसरे स्थान तक पहुंचाने में सफल रहे।
सीजन का उनका 20वां असिस्ट नॉटिंघम फॉरेस्ट के खिलाफ 3-2 की जीत में आया, जब उन्होंने ब्रायन मबेउमो के लिए गोल तैयार किया। इसके साथ ही उन्होंने प्रीमियर लीग के एक सीजन में सबसे ज्यादा असिस्ट के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब वह थिएरी हेनरी और केविन डी ब्रूने जैसे दिग्गजों के साथ संयुक्त रूप से इस सूची में शामिल हो गए हैं।
सीजन की शुरुआत में मैनचेस्टर यूनाइटेड को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। तत्कालीन कोच रूबेन अमोरिम की रणनीति के तहत ब्रूनो फर्नांडिस को गहरे मिडफील्ड रोल में खेलना पड़ा, जिससे उनका आक्रामक प्रभाव कम हो गया था।
हालांकि खराब नतीजों के बाद क्लब ने अमोरिम को हटाकर माइकल कैरिक को अंतरिम कोच बनाया। कैरिक ने आते ही फर्नांडिस को उनके पसंदीदा नंबर-10 रोल में वापस भेजा, जिसके बाद उनका प्रदर्शन पूरी तरह बदल गया और उन्होंने लगातार शानदार खेल दिखाया।
डेविड बेकहम का रिकॉर्ड भी तोड़ा
ब्रूनो फर्नांडिस ने इस सीजन 20 असिस्ट कर मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व दिग्गज डेविड बेकहम का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। बेकहम ने 1999-2000 सीजन में 15 असिस्ट किए थे। फर्नांडिस ने इस सीजन कुल 132 गोल मौके तैयार किए, जो लिवरपूल के डोमिनिक सोबोस्लाई से 43 ज्यादा रहे।
पुरस्कार जीतने के बाद ब्रूनो फर्नांडिस ने एक आधिकारिक बयान में कहा,“मैं इस उपलब्धि और टीम की जीत से बेहद खुश हूं। प्रीमियर लीग में यह मेरा सर्वश्रेष्ठ सीजन रहा है। अभी एक मैच बाकी है और मैं इस रिकॉर्ड को और बेहतर बनाने की कोशिश करूंगा।”
ब्रूनो फर्नांडिस हाल ही में फुटबॉल राइटर्स एसोसिएशन के ‘फुटबॉलर ऑफ द ईयर’ भी चुने गए थे। वह 2010 में वेन रूनी के बाद यह सम्मान पाने वाले पहले मैनचेस्टर यूनाइटेड खिलाड़ी बने। वहीं 2011 में नेमांजा विदिच के बाद वह प्रीमियर लीग प्लेयर ऑफ द सीजन जीतने वाले यूनाइटेड के पहले खिलाड़ी हैं।
इस पुरस्कार की दौड़ में उन्होंने डेक्लान राइस, गैब्रियल, डेविड राया, एर्लिंग हालांड, एंटोनी सेमेन्यो, इगोर थियागो और मॉर्गन गिब्स-व्हाइट जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे