
नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने कैंटरबरी में खेले गए दूसरे टी20 मैच में इंग्लैंड को 14 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में बराबर कर ली। न्यूजीलैंड की इस जीत में दिग्गज खिलाड़ी सोफी डिवाइन ने निर्णायक भूमिका निभाई। 36 वर्षीय स्टार खिलाड़ी ने 57 गेंदों में 87 रन बनाए, जो इंग्लैंड के खिलाफ उनका अब तक का सर्वोच्च स्कोर था।
आईसीसी के अनुसार पहले टी20 मैच में सात विकेट से हार के बाद मिली यह जीत महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए न्यूजीलैंड की तैयारियों को बढ़ावा देगी। यह टूर्नामेंट इंग्लैंड में खेला जा रहा है। ऐसे में यह जीत टीम को अतिरिक्त आत्मविश्वास प्रदान करेगी।
वहीं, डिवाइन का फॉर्म में होना महत्वपूर्ण रहेगा, क्योंकि न्यूजीलैंड की इस दिग्गज खिलाड़ी ने विश्व कप खत्म होने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। वह अपने करियर के अंत में दूसरा टी20 विश्व कप खिताब जीतना चाहेंगी।
दूसरे टी20 मुकाबले में डिवाइन ने मैडी ग्रीन (56 रन नाबाद) के साथ 159 रनों की साझेदारी करके न्यूजीलैंड को पांच विकेट पर 170 रन तक पहुंचाया। इसके जवाब में इंग्लैंड महिला टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 156 रन ही बना सकी और मुकाबला 14 रनों से हार गई।
दोनों टीमों के बीच तीसरा टी20 मैच 25 मई को खेला जाएगा। वहीं महिला टी20 विश्व कप की बात करें तो इसकी शुरुआत 12 जून से हो रही है। न्यूजीलैंड 13 जून को साउथेम्प्टन में अपने पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज से भिड़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह