
अहमदाबाद, 24 मई (हि.स.)। 'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल' के 75वें संस्करण में रविवार को देश भर में 8,000 से अधिक स्थानों पर बड़े पैमाने पर लोगों की भागीदारी देखी गई। गुजरात के अहमदाबाद में साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना के साथ हजारों साइकिल चालक, फिटनेस उत्साही लोग शामिल हुए।
अहमदाबाद में योग और जुम्बा प्रदर्शन के साथ 5 किलोमीटर की साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसने साबरमती रिवरफ्रंट को फिटनेस, संस्कृति और भारत के खेल विकास के उत्सव में बदल दिया। इस कार्यक्रम का एक बड़ा आकर्षण डॉ. मांडविया द्वारा एक विशेष राष्ट्रमंडल खेल थीम वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन था, जिसमें भारत की खेल उपलब्धियों, खेलो इंडिया मिशन के तहत खेल बुनियादी ढांचे के विकास और 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की अगुवाई में देश के विस्तार होते खेल पारिस्थितिकी तंत्र को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम में पिकलबॉल, बॉक्स क्रिकेट, वॉलीबॉल, टग ऑफ वार (रस्साकशी) सहित आकर्षक गतिविधियों की एक विस्तृत श्रृंखला भी शामिल थी, जिसने सभी आयु समूहों के प्रतिभागियों के लिए एक उत्सव जैसा माहौल बना दिया। इसके अलावा आकर्षण गरबा की पारंपरिक भावना को योग के विज्ञान के साथ मिलाने वाला एक अनूठा प्रदर्शन, जिसे प्रसिद्ध कलाकार अनीश रंगरेज द्वारा प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के डॉ. पवन कुमार ने कल्याण (वेलनेस) परामर्श और मार्गदर्शन सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों के साथ बातचीत की, जिससे समग्र फिटनेस और स्वस्थ जीवन को बढ़ावा मिला।
इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मांडविया ने कहा कि आज का दिन विशेष अवसर है क्योंकि हम 'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल' का 75वां संस्करण और राष्ट्रमंडल खेल दिवस दोनों का जश्न मना रहे हैं। मुझे इस बात पर गर्व है कि गुजरात 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा और सुबह-सुबह फिटनेस व राष्ट्र निर्माण के लिए हजारों लोगों को एक साथ आते देखकर और भी अधिक खुशी हो रही है।
उन्होंने कहा कि यदि हम वास्तव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण को पूरा करना चाहते हैं, तो प्रत्येक नागरिक को फिटनेस और स्वस्थ जीवन को प्राथमिकता देनी चाहिए। साइकिल चलाना केवल व्यायाम नहीं है, यह एक आंदोलन है। यह हमें फिट रखता है, प्रदूषण कम करता है और ईंधन बचाने में मदद करता है। साथ ही ईंधन की कम खपत के लिए प्रधानमंत्री की अपील के अनुरूप भी है।
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि आज पूरा अहमदाबाद शहर 'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल' के लिए जीवंत हो उठा और मुझे गुजरात के लोगों से इतनी जबरदस्त प्रतिक्रिया देखकर बेहद खुशी हो रही है। यह तथ्य कि हजारों नागरिक सुबह-सुबह फिटनेस और खेल के लिए बाहर निकले, स्वस्थ जीवन के प्रति बढ़ती जागरूकता और उत्साह को दर्शाता है।
अभिनेता और फिट इंडिया आइकॉन आयुष्मान खुराना ने कहा कि मुझे आज यहां हर आयु वर्ग के लोगों को देखकर, आनंद लेते हुए और इतनी ऊर्जा के साथ भाग लेते हुए देखकर वास्तव में खुशी हो रही है। फिट इंडिया और आगामी राष्ट्रमंडल खेल 2030 के बीच सहयोग सुंदर है क्योंकि यह युवा भारतीयों के बीच एक खेल संस्कृति को प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि 'संडेज ऑन साइकिल' एक बहुत ही दिलचस्प और भविष्यवादी पहल है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह