अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को जयपुर दौरे पर, आमेर महल में होगा पारंपरिक स्वागत

युगवार्ता    24-May-2026
Total Views |
फाइल


जयपुर, 24 मई (हि.स.)। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को जयपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राजधानी की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का अवलोकन करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। आमेर महल से लेकर हेरिटेज होटल रामबाग पैलेस तक विशेष सुरक्षा एवं स्वागत व्यवस्थाएं की गई हैं।

सूत्रों के अनुसार मार्को रूबियो सोमवार दोपहर करीब दो बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे आमेर फोर्ट जाएंगे। आमेर महल के जलेब चौक में उनका पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया जाएगा। इस दौरान लोक कलाकार घूमर, कालबेलिया और कच्ची घोड़ी नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे, जबकि कठपुतली कलाकार राजस्थान की लोक कला का प्रदर्शन करेंगे। दौरे के दौरान राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की अगवानी करेंगी। प्रतिनिधिमंडल को जयपुर की सांस्कृतिक विरासत, स्थापत्य कला और राजस्थानी परंपराओं से भी परिचित कराया जाएगा।

विदेश मंत्री के दौरे को देखते हुए सोमवार को दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक आमेर महल पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। प्रशासन ने सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। इस दौरान आम पर्यटकों की प्रवेश व्यवस्था प्रतिबंधित रहेगी। मार्को रूबियो जयपुर के प्रसिद्ध रामबाग पैलेस में ठहरेंगे। होटल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के साथ पारंपरिक राजस्थानी आतिथ्य के अनुरूप विशेष सजावट और स्वागत की तैयारियां की गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री जयपुर के प्रसिद्ध हाथी गांव का भी दौरा कर सकते हैं। इसे देखते हुए वहां भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। हाथी गांव में तालाब के पास हाथियों को पारंपरिक रूप से सजाकर रखा जाएगा तथा विदेशी मेहमान के लिए हाथियों को भोजन कराने की व्यवस्था भी की जा रही है। हाथी गांव विकास समिति के पदाधिकारियों के अनुसार अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें राजस्थान में हाथियों के संरक्षण, देखभाल और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी जाएगी।

विदेश मंत्री के दौरे को देखते हुए जयपुर पुलिस ने सुरक्षा कारणों से 25 और 26 मई को शहर के 24 थाना क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त योगेश दाधीच द्वारा जारी आदेश के अनुसार सांगानेर, एयरपोर्ट, जवाहर सर्किल, मालवीय नगर, गांधी नगर, मोती डूंगरी, आमेर, ब्रह्मपुरी, गलता गेट और रामगंज सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन संचालन प्रतिबंधित रहेगा। मार्को रूबियो जयपुर में एक दिन रुकेंगे और मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी जयपुर दौरे पर आ चुके हैं। दोनों नेताओं का भी पारंपरिक राजस्थानी शैली में स्वागत किया गया था।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Tags