आईपीएल : क्वालीफ़ायर-एक मैच को लेकर धर्मशाला में रहेगा जैम पैक, पुलिस प्रशासन ने तैयार किया ट्रैफिक प्लान

युगवार्ता    24-May-2026
Total Views |
एचपीसीए स्टेडियम।


धर्मशाला, 24 मई (हि.स.)। एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में 26 मई को आईपीएल 2026 का पहला क्वालिफायर मुकाबला खेला जाएगा। पहला क्वालीफ़ायर मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है जिसके चलते 22 हजार की क्षमता वाले एचपीसीए स्टेडियम के सभी टिकट बिक चुके। मैच के दौरान 4500 से 5000 वाहनों के शहर में पहुंचने की संभावना है। जिसके लिए पुलिस प्रशासन ने भी कमर कस ली है। मैच के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू चलाने के लिए सुबह 9 बजे से रात 12 बजे तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।

इस दौरान कई मार्गों पर वन-वे और डायवर्जन लागू रहेगा। भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। दर्शकों के लिए स्टेडियम पंहुचने के लिए शटल बस सेवा उपलब्ध रहेगी। जोराबर स्टेडियम, पुलिस ग्राउंड सहित कई स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था रहेगी।

पुलिस प्रशासन के अनुसार पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, बेंगलुरु और गुजरात समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के धर्मशाला पहुंचने की उम्मीद है। इसके चलते शहर में लगभग 4500 से 5000 छोटे वाहन और दोपहिया वाहनों की आवाजाही रहेगी। भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए धर्मशाला नगर निगम क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कांगड़ा अशोक रतन ने हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम 2007 की धारा 112(2) के तहत ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों को विशेष अधिकार प्रदान किए हैं।

इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध

कचहरी चौक से शिक्षा बोर्ड चौक मार्ग पर केवल ड्रॉप और पिकअप की अनुमति रहेगी। सड़क किनारे किसी भी प्रकार की पार्किंग नहीं होगी।

फुटबॉल ग्राउंड चौक से एमई-1 की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। आईटीआई चौक से धौलाधार कॉलोनी तक सड़क किनारे पार्किंग पर रोक रहेगी।

भारी वाहनों पर रहेगी रोक

वोल्वो बस स्टैंड से गांधी चौक, चेतड़ू चौक से शीला चौक, क्लॉक टावर से शीला चौक सहित कई मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि रूट बसों और आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है।

लागू रहेगा वन-वे ट्रैफिक

सकोह से धर्मशाला और आगे मैक्लोडगंज जाने वाले छोटे वाहन केवल कुनाल पत्थरी रोड से गुजरेंगे। धर्मशाला से मैक्लोडगंज जाने वाला ट्रैफिक गांधी चौक से कैंट बाइपास रोड होकर भेजा जाएगा। वहीं मैक्लोडगंज से लौटने वाले वाहन टेंपल रोड, लाइब्रेरी और फव्वारा चौक मार्ग से आएंगे।

दर्शकों के लिए शटल बस सुविधा

जोरावर स्टेडियम और गांधी चौक से शटल बसें चलाई जाएंगी। ये बसें दर्शकों को फुटबॉल ग्राउंड और शिक्षा बोर्ड चौक तक पहुंचाएंगी। टैक्सी और निजी वाहनों के लिए अलग ड्रॉपिंग व पार्किंग व्यवस्था की गई है।

यहां बनाए गए पार्किंग स्थल

जोरावर स्टेडियम, पुलिस ग्राउंड, डीआईजी ग्राउंड, मिनी सचिवालय, पुलिस लाइन, चरान पार्किंग, साईं पार्किंग, कॉलेज पार्किंग और प्रयास भवन समेत कई स्थानों को पार्किंग के लिए चिन्हित किया गया है। वीआईपी, मीडिया और अधिकृत पासधारकों के लिए अलग पार्किंग और प्रवेश व्यवस्था लागू रहेगी।

नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रैफिक व्यवस्था और निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम 2007 की धारा 115 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Tags