
धर्मशाला, 24 मई (हि.स.)। आईपीएल के बाद धर्मशाला में भारत-अफगानिस्तान के बीच होने वाली वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच अब 14 जून को की जगह 13 जून को होगा। बीसीसीआई ने इस मैच की तारीख में बदलाव किया है। मैच को लेकर हुए बदलाव का कारण बताते हुए एचपीसीए के निदेशक संजय शर्मा ने कहा कि यह बदलाव संभवतः महिला टी 20 विश्व कप में होने वाले भारत-पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले जो 14 जून को होने वाला है के साथ शेड्यूल के टकराव से बचने के लिए किया गया है।
धर्मशाला में ऑस्ट्रेलिया ए और भारत ए महिला क्रिकेट टीम खेलेंगी तीन वनडे और एक टेस्ट
वहीं क्रिकेट के लिए एक खास पहचान बना चुके धर्मशाला को इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया ए और भारत ए महिला क्रिकेट टीम के बीच होने वाले मैचों की मेजबानी के लिए भी चुना गया है। धर्मशाला में यह दोनों टीमें तीन वनडे मैच जबकि एक टेस्ट मैच भी खेलेगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक 20, 23 और 25 सितंबर को धर्मशाला में तीन वनडे निर्धारित हैं, जबकि दोनों टीमों के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया