प्राइमरी मार्केट में अगले सप्ताह 3 नए आईपीओ देंगे दस्तक, 6 कंपनियों के शेयर की होगी लिस्टिंग

युगवार्ता    24-May-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। सोमवार यानी 25 मई से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट में मामूली हलचल रहने वाली है। इस सप्ताह तीन कंपनियां अपने आईपीओ लॉन्च कर रही हैं। ये तीनों आईपीओ एसएमई सेगमेंट के हैं। इसके अलावा पिछले सप्ताह सब्सक्रिप्शन के लिए खुले चार आईपीओ में भी 25 और 26 मई तक बोली लगाई जा सकती है। जहां तक नई लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह छह कंपनियां स्टॉक मार्केट में एंट्री करने वाली हैं। ये सभी कंपनियां एसएमई सेगमेंट की हैं।

सप्ताह के पहले दिन 25 मई को याश्वी ज्वेलर्स का 43.88 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 27 मई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 83 रुपये प्रति शेयर का मूल्य तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,600 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 29 मई को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा, जबकि दो जून को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसके अगले दिन 26 मई को राजनंदिनी फैशन इंडिया का 18.21 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में 29 मई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 59 रुपये से लेकर 63 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 2,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद एक जून को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा, जबकि तीन जून को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इसी दिन यानी 26 मई को ही एसएमआर ज्वेलर्स का 67.23 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस इश्यू में भी 29 मई तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 128 रुपये से लेकर 135 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद एक जून को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा, जबकि तीन जून को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है।

इन नए आईपीओ के अलावा पिछले सप्ताह 21 मई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले बायो मेडिका लेबोरेट्रीज के 52.43 करोड़ रुपये के आईपीओ में कल यानी 25 मई तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 132 रुपये से लेकर 139 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 26 मई को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा, जबकि 29 मई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। ये आईपीओ अभी तक फुली सब्सक्राइब हो चुका है।

इसी तरह 21 मई को ही सब्सक्रिप्शन के लिए खुले ऑटोफर्निश लिमिटेड के 14.60 करोड़ रुपये के आईपीओ में भी कल यानी 25 मई तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 41 रुपये प्रति शेयर का मूल्य तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 3,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 26 मई को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा, जबकि 29 मई को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। इस आईपीओ को अभी तक 43 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।

21 मई को ही सब्सक्रिप्शन के लिए खुले क्यू-लाइन बायोटेक लिमिटेड के 214.48 करोड़ रुपये के आईपीओ में भी कल तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 326 रुपये प्रति शेयर से लेकर 343 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 400 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 26 मई को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा, जबकि 29 मई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। इस आईपीओ को अभी तक 10 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।

इनके अलावा 22 मई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले एमआर मनीवेनी लिमिटेड के 27.04 करोड़ रुपये के आईपीओ में 26 मई तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 51 रुपये प्रति शेयर से लेकर 52 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 2,000 शेयर का है। आईपीओ की क्लोजिंग के बाद 27 मई को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा, जबकि एक जून को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। ये आईपीओ अभी तक फुली सब्सक्राइब हो चुका है।

जहां तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की बात है, तो इस सप्ताह के पहले कारोबारी दिन 25 मई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर एनएफपी संपूर्णा फूड्स की लिस्टिंग हो सकती है। इसके अगले दिन 26 मई को टीमटेक फॉर्मवर्क सॉल्यूशंस के शेयर एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन 27 मई को वेगोरामा पंजाबी अंगीठी के शेयरों की बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होने की उम्मीद है।

वहीं, सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन 29 मई को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर बायो मेडिका लेबोरेट्रीज और क्यू-लाइन बायोटेक लिमिटेड के शेयरों की लिस्टिंग हो सकती है। इसी दिन बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर ऑटोफर्निश लिमिटेड के शेयर लिस्ट होकर कारोबार की शुरुआत कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags