(अपडेट) राजस्थान, हिमाचल में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गडकरी ने की समीक्षा

युगवार्ता    25-May-2026
Total Views |
नई दिल्ली में राजस्थान और हिमाचल प्रदेश की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक करते केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी।


नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता और रखरखाव की स्थिति की व्यापक समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं को पूरा करने, गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने और आधुनिक तकनीकों व निर्माण पद्धतियों को अपनाने के निर्देश दिए।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि यहां हुई इस बैठक केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा और हर्ष मल्होत्रा, एनएचएआई और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा परियोजना ठेकेदार शामिल हुए।

बैठक में गडकरी ने राजस्थान में 10,064 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की गुणवत्ता और रखरखाव की स्थिति का आकलन किया। वहीं, हिमाचल प्रदेश में 1,947 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रगति और रखरखाव की समीक्षा की गई। मंत्री ने परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन और आधुनिक तकनीकों व निर्माण पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया।

गडकरी ने अधिकारियों को मानसून से पहले व्यापक तैयारी करने के निर्देश दिए। इसमें प्रभावी जल निकासी प्रबंधन, ढलानों की सुरक्षा, सक्रिय रखरखाव और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र शामिल हैं, ताकि बारिश के दौरान यातायात बाधित न हो, सड़क सुरक्षा बनी रहे और लंबे समय तक राजमार्गों की स्थायित्व सुनिश्चित हो सके।

मंत्री ने कहा कि टिकाऊ और कुशल राजमार्ग नेटवर्क देश में कनेक्टिविटी सुधारने, आर्थिक विकास तेज करने, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और प्रमुख कॉरिडोरों पर निर्बाध गतिशीलता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक हैं। राजमार्गों की गुणवत्ता और रखरखाव पर विशेष ध्यान देना जरूरी है, क्योंकि यह न केवल यात्रियों की सुविधा से जुड़ा है बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और विकास की गति को भी प्रभावित करता है। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिया कि वे आधुनिक निर्माण तकनीकों का उपयोग कर परियोजनाओं को समय पर पूरा करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags