तेहरान, 25 मई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और क्षेत्रीय संघर्ष के बीच ईरान की पुरुष फुटबॉल टीम की आगामी विश्व कप में भागीदारी को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच सकारात्मक संकेत सामने आए हैं। ईरान के खेल मंत्री अहमद दोन्यामाली ने कहा है कि फीफा ने भरोसा दिलाया है कि राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों को अमेरिका में प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आवश्यक वीजा उपलब्ध कराया जाएगा।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, खेल मंत्री ने कहा कि फीफा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों को वीजा दिए जाने में कोई बाधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी होंगी, जिससे टीम बिना किसी व्यवधान के टूर्नामेंट में भाग ले सकेगी।
बीते कुछ महीनों से ईरान की भागीदारी को लेकर सवाल उठ रहे थे, क्योंकि टूर्नामेंट की मेजबानी अमेरिका के साथ अन्य देशों द्वारा की जा रही है और क्षेत्र में जारी संघर्ष ने स्थिति को और संवेदनशील बना दिया है। ऐसे में खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के यात्रा दस्तावेजों को लेकर चिंता बनी हुई थी।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ईरानी टीम टूर्नामेंट के दौरान अमेरिका सीमा के पास स्थित मैक्सिको के शहर तिजुआना में अपना आधार शिविर बना सकती है। यह व्यवस्था खिलाड़ियों की यात्रा और वीजा संबंधी प्रक्रियाओं को सुगम बनाने के उद्देश्य से की जा रही है।
ईरानी खेल मंत्री ने कहा कि मेजबान देशों की जिम्मेदारी है कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि खेल को राजनीतिक परिस्थितियों से ऊपर रखते हुए खिलाड़ियों को निष्पक्ष अवसर दिया जाएगा।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय