धर्मशाला, 25 मई (हि.स.)। जिला कांगड़ा एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा जिला स्तरीय एथलेटिक्स मीट का आयोजन 3 जून 2026 को सिंथेटिक स्टेडियम धर्मशाला में किया जाएगा। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के लड़के एवं लड़कियां भाग ले सकेंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम चौधरी ने बताया कि अंडर-14 वर्ग में 60 मीटर एवं 600 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, शॉटपुट तथा ट्रायथलन-ए, बी और सी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं अंडर-16 वर्ग में 60 मीटर, 600 मीटर दौड़, शॉटपुट एवं लॉन्ग जंप स्पर्धाएं होंगी।
उन्होंने बताया कि अंडर-18 वर्ग में 100, 200, 400 एवं 1000 मीटर दौड़, शॉटपुट तथा लॉन्ग जंप प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। अंडर-20 वर्ग में 100, 200, 400, 800, 1500, 3000 एवं 5000 मीटर दौड़ के साथ शॉटपुट, लॉन्ग जंप, हाई जंप तथा ट्रिपल जंप प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
पुरुष एवं महिला वर्ग में 100, 200, 400, 800, 1500, 5000 एवं 10000 मीटर दौड़ के अलावा शॉटपुट, लॉन्ग जंप, ट्रिपल जंप तथा हाई जंप प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को सुबह 9 बजे अपनी किट, आयु प्रमाण पत्र तथा 200 रुपये पंजीकरण शुल्क के साथ उपस्थित होना होगा।
विक्रम चौधरी ने बताया कि इस प्रतियोगिता के आधार पर जिला कांगड़ा की टीम का चयन किया जाएगा, जो 13 और 14 जून 2026 को बिलासपुर में आयोजित होने वाली राज्य एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जिला कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया