
इंफाल, 25 मई, (हि.स.)। मणिपुर के चुराचांदपुर और इंफाल क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में पांच उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार, गोला-बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस ने साेमवार काे बताया कि चलाए गए एक अभियान में सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर थाना क्षेत्र के एडेंथर रेंगकाई गांव निवासी जेहोवा राजा दत्ता (24) को उसके घर से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से एक इंसास राइफल, चार मैगजीन, 5.56 मिमी के 36 जिंदा कारतूस, एक कैमोफ्लाज बुलेटप्रूफ जैकेट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
वहीं, अन्य अभियान में मणिपुर रिवोल्यूशनरी आर्मी (एमआरए) के दो सक्रिय कैडरों को वांगखेई आयंगपल्ली रोड से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान कोंगबा नांदेइबाम लैकाई, इंफाल ईस्ट निवासी निंगथौजाम विक्की सिंह उर्फ मुनाल (30) तथा लाफुपत तेरा मयाई लैकाई, इंफाल वेस्ट निवासी निंगथौजाम ईश्वरचंद्र सिंह उर्फ लोइया उर्फ थावाइलकपा (24) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में लांगजिंग माखा लैकाई में रह रहा था। उनके पास से तीन मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड और एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया।
इसके अलावा, चुराचांदपुर जिले के नगाथल क्षेत्र में संयुक्त कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान थोंगपी गुइटे (33) और शोखोमांग बैते (40) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक एके-47 राइफल, एक 9 एमएम पिस्टल, विभिन्न बोर के 31 जिंदा कारतूस, दो हैंड ग्रेनेड और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ जारी है तथा मामले में आगे की जांच की जा रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश