फ्रेंच ओपन 2026: नोवाक जोकोविच ने पहले दौर में जियोवानी म्पेत्शी पेरिकार्ड को हराया

युगवार्ता    25-May-2026
Total Views |
सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच


पेरिस, 25 मई (हि.स.)। सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने रिकॉर्ड 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की अपनी चुनौती की शानदार शुरुआत करते हुए फ्रेंच ओपन 2026 के पहले दौर में रविवार देर रात फ्रांस के जियोवानी म्पेत्शी पेरिकार्ड को 5-7, 7-5, 6-1, 6-4 से हराया।

इस मुकाबले के साथ ही नोवाक जोकोविच पुरुष एकल ग्रैंड स्लैम मुकाबलों में सबसे ज्यादा 82 बार खेलने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। हालांकि, रोलां गैरो में खेले गए इस मुकाबले में शुरुआत में जोकोविच अपने सर्वश्रेष्ठ लय में नजर नहीं आए।

फ्रांसीसी खिलाड़ी जियोवानी म्पेत्शी पेरिकार्ड ने पहले सेट में शानदार खेल दिखाते हुए 6-5 की बढ़त बनाई और फिर दमदार ऐस लगाकर सेट अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही वह 17 वर्षों में पहले ऐसे खिलाड़ी बने जिन्होंने फ्रेंच ओपन के पहले दौर में जोकोविच से सेट जीता।

मैच के बाद जोकोविच ने कहा,

“जियोवानी को बधाई। मैंने पहली बार उनके खिलाफ खेला और उनकी सर्विस को पढ़ना बेहद मुश्किल था। मेरे करियर में मैंने ऐसी सर्विस बहुत कम खिलाड़ियों की देखी है।”

तीसरे वरीय जोकोविच ने दूसरे सेट में वापसी करते हुए निर्णायक मौकों का फायदा उठाया और मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद अनुभवी सर्बियाई खिलाड़ी ने अपना आक्रामक खेल दिखाया और तीसरा सेट आसानी से जीत लिया।

चौथे सेट में जियोवानी म्पेत्शी पेरिकार्ड को कलाई और हाथ में परेशानी के कारण उपचार लेना पड़ा। हालांकि उन्होंने संघर्ष जारी रखा, लेकिन जोकोविच ने 4-3 की बढ़त बनाकर मैच पर नियंत्रण कर लिया और लगातार 22वीं बार फ्रेंच ओपन के पहले दौर में जीत दर्ज की।

जीत के बाद नोवाक जोकोविच ने दर्शकों का अभिवादन करते हुए कहा,“यहां का माहौल शानदार था। दर्शकों से मुझे काफी ऊर्जा मिली।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags