महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में 4 बच्चों को कुएं में फेंक कर पिता ने की आत्महत्या

युगवार्ता    25-May-2026
Total Views |

मुंबई, 25 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में सोमवार को सुबह पत्नी से परेशान एक शख्स ने अपने चार बच्चों को कुएं में फेंककर खुद फंदा लगा कर आत्महत्या कर लिया। जामोद ग्रामीण पुलिस स्टेशन ने घटनास्थल से पांचों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना की गहन छानबीन जारी है। गांव में एक ही समय में पांच शव मिलने से हडक़ंप मच गया है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में आत्महत्या करने वाले शख्स की पहचान विजय मुसा किराडिया (35) के रुप में की गई है। विजय किराडिया अपने बच्चों के साथ जामोद तहसील के राजुरा इलाके भाले अंजन गांव में रहता था। विजय का उसकी पत्नी के साथ हमेशा विवाद होते रहता था। इसी वजह विजय ने रविवार को अपनी पत्नी रीना किराडिया को उसके मायके छोड़ दिया था। आज सुबह विजय घर का काम कर रहा था, उसी समय किसी व्यक्ति ने उससे पूछा कि तुम्हारी पत्नी कहां है, जिससे उसे घर का काम करना पड़ रहा है। इसके बाद विजय ने अपने बच्चों को साथ लिया और राजुरा के एक कुंएं में चारों बच्चों को फेंक दिया। इसके बाद विजय ने एक पेड़ से लटक कर खुद आत्महत्या कर लिया।

इस घटना की जानकारी मिलते ही जामोद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना की छानबीन फोरेंसिक टीम भी कर रही है। इस घटना में मृतक बच्चों की पहचान प्रीत विजय किराडिया (07), प्राची विजय किराडिया (05), पूर्वी विजय किराडिया (04) और 2 साल का पीयूष विजय किराडिया के रुप में की गई है।पुलिस घटना की आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

Tags