वित्तमंत्री के ‘3एफ’ बयान पर कांग्रेस का हमला

युगवार्ता    26-May-2026
Total Views |
जयराम रमेश


नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने पश्चिम एशिया संकट और अर्थव्यवस्था को लेकर वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के 3एफ वाले बयान पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि वित्तमंत्री खुद ईंधन, उर्वरक और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव की बात कर रही हैं, जबकि देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ने से आम लोगों पर दवाब है।

जयराम रमेश ने मंगलवार को एक्स पर कहा कि वित्तमंत्री ने 3एफ यानी फ्यूल, फर्टिलाइजर्स और फॉरेक्स को गंभीर चिंता का विषय बताया है, लेकिन वह चौथे और सबसे महत्वपूर्ण ‘एफ’ को भूल रही हैं। निजी निवेश की गिरती दर पिछले कुछ वर्षों से लगातार दिखाई दे रही है। कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) प्रवाह में गिरावट आई है और सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के प्रतिशत के रूप में निजी कॉरपोरेट निवेश 2014 से पहले के अपने उच्चतम स्तर के लगभग आधे पर पहुंच गया है।

रमेश ने कहा कि भारतीय व्यवसाय अब विदेशों में अधिक स्थिर और लाभकारी अवसर तलाश रहे हैं और भारतीय कॉरपोरेट हस्तियां भी विदेशों में बस रही हैं। निवेश केवल वित्तीय निर्णय नहीं होता, बल्कि वह मनोवैज्ञानिक कारकों से भी प्रभावित होता है। व्यापक उपभोक्ता मांग में वृद्धि की कमी ने कंपनियों को निवेश से हतोत्साहित किया है।

उल्लेखनीय है कि सीतारमण ने भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) की 37वीं वर्षगांठ के अवसर पर ‘3एफ’ यानी फ्यूल, फर्टिलाइजर और फॉरेक्स पर विशेष ध्यान देने की अपील की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags