(अपडेट)मप्र के पन्ना जिले में मृतक श्रमिकों के परिजनों को मिलेगी चार-चार लाख की आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

युगवार्ता    26-May-2026
Total Views |
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पन्ना जिले में हुई श्रमिकों की मृत्यु पर जताया दुख


भोपाल, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के नयापुरवा में मंगलवार को निर्माणाधीन कुएं की मिट्टी धंसने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोकाकुल परिजन के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मृतक श्रमिकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ विकासखंड में ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में मंगलवार को एक खेत पर कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई। इस हादसे में मलबे में दबे पांच मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में 4 श्रमिक एक ही परिवार के थे। बचाव दल ने दो मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकलने में सफलता प्राप्त की है। हादसे की जानकारी मिलते ही पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजन से मुलाकात कर सांत्वना दी। कलेक्टर ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Tags