कतर में हुई वार्ता के बाद ईरानी प्रतिनिधिमंडल स्वदेश लौटा

युगवार्ता    26-May-2026
Total Views |

तेहरान/दोहा, 26 मई (हि.स.)। ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्धविराम वार्ता के बीच ईरान का वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल कतर की राजधानी दोहा से बातचीत पूरी कर मंगलवार को स्वदेश लौट आया। दोनों पक्षों के बीच जारी बातचीत को क्षेत्रीय तनाव कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ, विदेश मंत्री अब्बास अराघची और ईरान के केंद्रीय बैंक के गवर्नर अब्दोलनासेर हेम्मती वार्ता के बाद देश लौटे। प्रतिनिधिमंडल ने कतर के मध्यस्थों और अधिकारियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बातचीत के दौरान ईरान के विदेशों में फंसे या प्रतिबंधों के कारण अवरुद्ध वित्तीय संसाधनों का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया। लंबे समय से अमेरिकी प्रतिबंधों और क्षेत्रीय तनाव के कारण ईरान आर्थिक दबाव का सामना कर रहा है और वह अपने अरबों डॉलर के विदेशी फंड को जल्द जारी करने की मांग कर रहा है।

मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि दोहा में हुई वार्ता का माहौल सामान्य रूप से सकारात्मक रहा। फिलहाल दोनों पक्ष प्रस्तावित समझौते के विभिन्न पहलुओं पर मतभेद दूर करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि हाल के महीनों में बढ़ी हिंसा और तनाव को कम किया जा सके।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags