असम में यूसीसी विधेयक पारित होने पर अमित शाह ने दी बधाई

युगवार्ता    27-May-2026
Total Views |
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को विज्ञान भवन में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) अलंकरण समारोह को संबोधित करते हुए


नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने असम विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पारित होने पर राज्य की जनता, मुख्यमंत्री और विधायकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के समय से ही यूसीसी उसका संकल्प रहा है।

अमित शाह ने बुधवार को एक्स पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा शासित राज्य सरकारें प्रत्येक नागरिक के लिए समान कानून स्थापित कर रही हैं। उत्तराखंड और गुजरात के बाद अब असम ने भी यूसीसी विधेयक पारित कर इतिहास रचा है। गृहमंत्री ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और विधेयक का समर्थन करने वाले सभी विधायकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश के हर हिस्से में कानून के समक्ष समानता के सिद्धांत को स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उल्लेखनीय है कि असम विधानसभा में बुधवार को लंबी और तीखी बहस के बाद यूसीसी विधेयक ध्वनिमत से पारित हुआ। इसके लागू होने के बाद असम यूसीसी लागू करने वाला देश का तीसरा और पूर्वोत्तर का पहला राज्य बन जाएगा। विधेयक में बहुविवाह पर रोक, विवाह और तलाक का अनिवार्य पंजीकरण तथा लिव-इन संबंधों के पंजीकरण जैसे प्रावधान शामिल किए गए हैं। हालांकि, अनुसूचित जनजाति समुदायों को इसके दायरे से बाहर रखा गया है।

विधानसभा में बहस के दौरान विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि यह कानून व्यक्तिगत धार्मिक परंपराओं में हस्तक्षेप करेगा, जबकि मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि कानून का उद्देश्य सभी नागरिकों, विशेषकर महिलाओं को समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित करना है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags