(अपडेट) विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो से गूंजा योग का संदेश, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का 25 दिवसीय काउंटडाउन शुरू

युगवार्ता    27-May-2026
Total Views |
खजुराहो में योग दिवस के काउंटडाउन महोत्सव का शुभारंभ


खजुराहो में योग दिवस के काउंटडाउन महोत्सव को संबोधित करते हुए केन्द्रीय आयुष मंत्री जाधव


खजुराहो में योग दिवस के काउंटडाउन महोत्सव में योग करते हुए


खजुराहो में योग दिवस के काउंटडाउन महोत्सव में योग करते हुए


छतरपुर, 27 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का 25 दिवसीय काउंटडाउन शुरू हो गया है। इसके लिए बुधवार को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में विश्व प्रसिद्ध पर्यटन एवं सांस्कृतिक नगरी खजुराहो में आयोजित भव्य काउंटडाउन महोत्सव में योग का संदेश दिया गया। कार्यक्रम से प्रदेशभर की आयुष संस्थाएं वर्चुअली जुड़ीं।

कोलकाता में होगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का मुख्य समारोह

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2026 का मुख्य समारोह 21 जून को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने खजुराहो में इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है, जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।

जाधव ने कहा कि भारत की पारंपरिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना से समृद्ध कोलकाता आईडीवाई 2026 के मुख्य आयोजन की मेजबानी करेगा। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का प्रतीक है और निवारक स्वास्थ्य सेवा एवं संतुलित जीवनशैली में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

खजुराहो को वैश्विक योग एवं वेलनेस केंद्र बनाने की संभावना

केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री जाधव ने कहा कि खजुराहो अपनी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के कारण भारत की प्राचीन परंपराओं और वेलनेस संस्कृति के समन्वय का प्रतीक है तथा इसमें वैश्विक योग एवं वेलनेस केंद्र बनने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप आयुष मंत्रालय योग को गांव-गांव, घर-घर, विद्यालयों, कार्यालयों और समुदायों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

‘योग संगम पोर्टल’ और ‘योग पार्क पोर्टल’ का शुभारंभ

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने आईडीवाई 2026 में जनभागीदारी बढ़ाने और ऑनलाइन पंजीकरण को सुगम बनाने हेतु ‘योग संगम पोर्टल’ का पुनः शुभारंभ किया तथा राज्यों और संस्थानों में समर्पित योग स्थलों के विकास को बढ़ावा देने के लिए ‘योग पार्क पोर्टल’ लॉन्च किया। उन्होंने योग, स्वास्थ्य और वेलनेस का संदेश देने वाली नई योग टी-शर्ट का भी अनावरण किया तथा बताया कि ‘योग 365 अभियान’ के अंतर्गत आयोजित 100 दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में दो लाख से अधिक लोगों ने भाग लेकर ‘योग मित्र’ प्रमाणन प्राप्त किया है।

कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योग महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर खजुराहो में इस महत्वपूर्ण आयोजन का होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खजुराहो केवल स्थापत्य कला का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय जीवन दर्शन, संतुलन और आध्यात्मिक चेतना का अनुपम केंद्र है। योग और खजुराहो दोनों ही भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा के संवेदनशील और गौरवशाली प्रतीक हैं।

“वन अर्थ, वन हेल्थ” की भावना को साकार कर रहा योग

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि योग आज केवल व्यायाम तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि “वन अर्थ, वन हेल्थ” की भावना को साकार करने वाला समग्र जीवन दर्शन बन चुका है। मध्य प्रदेश सरकार “घर-घर योग, हर घर निरोग” के संकल्प के साथ योग एवं आयुष सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आयुष विभाग के माध्यम से आयुष्मान आरोग्य मंदिर, योग वेलनेस सेंटर तथा विभिन्न जनजागरूकता अभियानों के जरिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस काउंटडाउन इवेंट के माध्यम से देशभर के लाखों लोग योग से जुड़ रहे हैं और युवा पीढ़ी भी उत्साहपूर्वक इसे अपना रही है। मुख्यमंत्री ने भारत सरकार के आयुष मंत्री, प्रदेश के मंत्रियों, सांसदों एवं जनप्रतिनिधियों को आयोजन को सफल बनाने और अभियान से जुड़ने पर बधाई दी।

योग और शिक्षा से बनेगा स्वस्थ समाज

मध्य प्रदेश के आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि योग और आयुर्वेद केवल पद्धतियां नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध परंपराओं में निहित जीवनशैली हैं। शिक्षा और योग मिलकर एक स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि यह कार्यक्रम भारत की सांस्कृतिक चेतना और सभ्यतागत मूल्यों को प्रदर्शित करने के साथ-साथ जनसामान्य में समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला है।

योग बना वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन

खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में योग वैश्विक स्वास्थ्य एवं वेलनेस आंदोलन बन चुका है और आज लगभग 190 देशों में इसका अभ्यास किया जा रहा है।

केन्द्रीय आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव मोनालिसा दास ने कहा कि वर्तमान तनावपूर्ण जीवनशैली में योग समग्र स्वास्थ्य का सरल और टिकाऊ मार्ग प्रदान करता है। उन्होंने नागरिकों से ‘योग मित्र’ बनने का आह्वान किया तथा 14 जून 2026 को आयोजित होने वाले गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयास में भागीदारी की अपील की।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ योग सत्र का शुभारंभ

काउंटडाउन इवेंट अंतर्गत योग सत्र का शुभारंभ केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, प्रदेश के मंत्रीगण इंदर सिंह परमार और धर्मेंद्र सिंह लोधी तथा सांसद वी.डी. शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण मौजूद रहे। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया। यह कार्यक्रम पश्चिमी मंदिर समूह परिसर में आयोजित हुआ।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले 25 दिनों का काउंटडाउन हर वर्ष महत्वपूर्ण प्रचार-प्रसार चरण के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य देशभर में आयोजित होने वाले योग प्रदर्शनों, जागरूकता अभियानों और समुदाय आधारित गतिविधियों के माध्यम से योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सार्वजनिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) काशीनाथ समागंडी, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, योग विशेषज्ञ, आयुष प्रणाली और आधुनिक चिकित्सा पद्धति के प्रतिनिधि तथा देश के विभिन्न हिस्सों से आए योग अभ्यासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags