
नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। सेंसेक्स की मंथली एक्सपायरी के दिन आज घरेलू शेयर बाजार सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से पूरे दिन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में उतार-चढ़ाव होता रहा। दिनभर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.19 प्रतिशत और निफ्टी 0.03 प्रतिशत फिसल कर बंद हुए।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान मीडिया, पावर और कैपिटल गुड्स सेक्टर में जमकर खरीदारी होती रही। इसी तरह टेलीकॉम, ऑटोमोबाइल, मेटल, कंज्यूमर ड्युरेबल्स और हेल्थकेयर इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, एफएमसीजी बैंकिंग, आईटी और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों की आज लगातार बिकवाली होती रही। ब्रॉडर मार्केट में आज आमतौर पर खरीदारी का रुख बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.42 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.15 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के बावजूद कैपिटल गुड्स और पावर सेक्टर के शेयरों में जमकर खरीदारी होने के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब पौने तीन लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 470.84 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 468.11 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.73 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,394 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,275 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,945 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 174 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,980 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,539 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान और 1,441 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर बढ़त के साथ और 10 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 34 शेयर हरे निशान में और 16 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 69.84 अंक की कमजोरी के साथ 75,939.86 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स 214.98 अंक की मजबूती के साथ 76,224.68 अंक तक पहुंचा। वहीं, बिकवाली का दबाव बनने पर इसने 261.49 अंक लुढ़क कर 75,748.21 अंक के स्तर तक गोता भी लगाया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 141.90 अंक की गिरावट के साथ 75,867.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 33.35 अंक टूट कर 23,880.35 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद लगातार हो रही खरीद-बिक्री के कारण इस सूचकांक की चाल में सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव होता रहा। खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी 69.50 अंक की तेजी के साथ 23,983.20 अंक के स्तर तक पहुंचा। वहीं, बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक 55.45 अंक की टूट कर 23,858.25 अंक के स्तर तक गिर भी गया। दिन भर हुई लिवाली और बिकवाली के बाद निफ्टी 6.55 अंक की सांकेतिक कमजोरी के साथ 23,907.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज पूरे दिन हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 4.16 प्रतिशत, टीएमपीवी 3.98 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 2.60 प्रतिशत, एटरनल 2.53 प्रतिशत और एनटीपीसी 2.17 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, ओएनजीसी 4.68 प्रतिशत, आईटीसी 3.22 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक 2.60 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 1.49 प्रतिशत और विप्रो 1.06 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक