गृह राज्य मंत्री ने भारत-नेपाल सीमा का किया दौरा, जवानों का बढ़ाया मनोबल

युगवार्ता    27-May-2026
Total Views |
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय पिथौरागढ़ जिले के धारचूला स्थित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए।


केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय  निरीक्षण करते हुए।


धारचूला, 27 मई (हि.स.)। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को पिथौरागढ़ जिले के धारचूला स्थित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और सीमा प्रबंधन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

सेना हेलीपैड पहुंचने पर गृह राज्य मंत्री का स्वागत आईजी अमित कुमार,उप महानिरीक्षक सुधांशु नौटियाल,पिथौरागढ़ के पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे और अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने किया। इस दौरान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के आईजी मनु महाराज भी मौजूद रहे।

गृह राज्य मंत्री ने काली नदी पर बने इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के धारचूला झूला पुल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सशस्त्र सीमा बल की 11वीं वाहिनी डीडीहाट के कमांडेंट डॉ. अतुल कुमार राय, उपजिलाधिकारी आशीष जोशी और सहायक कमांडेंट दीपक सापकले ने उनका स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंधन और बॉर्डर इंटरैक्शन टीम (बीआईटी) की कार्यप्रणाली को लेकर विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद नित्यानंद राय ने बीओपी धारचूला पहुंचकर जवानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बल देश की पहली सुरक्षा पंक्ति हैं और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में उनका समर्पण पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक है।

दौरे के दौरान गृह राज्य मंत्री ने बीओपी परिसर में चंदन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। निरीक्षण और सुरक्षा समीक्षा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Tags