इतिहास के पन्नों में 29 मई : जब मानव ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी एवरेस्ट पर पहली बार फहराई विजय पताका

युगवार्ता    28-May-2026
Total Views |
सांकेतिक।


देश और दुनिया के इतिहास में 29 मई की तारीख विशेष महत्व रखती है। इसी दिन वर्ष 1953 में मानव इतिहास की एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई थी, जब दो पर्वतारोहियों ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर पहली बार सफलतापूर्वक पहुंचकर इतिहास रच दिया था।

इस दिन न्यूजीलैंड के पर्वतारोही एडमंड हिलेरी और नेपाल के प्रसिद्ध शेरपा तेनजिंग नोर्गे ने बर्फ से ढकी दुर्गम और चुनौतीपूर्ण माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचने का असंभव समझा जाने वाला सपना साकार किया था।

उस समय एवरेस्ट की चढ़ाई को दुनिया की सबसे कठिन चुनौतियों में से एक माना जाता था। कठोर मौसम, कम ऑक्सीजन और जोखिम भरे रास्तों के बावजूद दोनों पर्वतारोहियों ने साहस, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए सफलता हासिल की।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद एडमंड हिलेरी को ब्रिटेन की तत्कालीन महारानी की ओर से ‘नाइट’ की उपाधि से सम्मानित किया गया था। वहीं तेनजिंग नॉर्गे भी दुनिया भर में साहस और प्रेरणा के प्रतीक बनकर उभरे।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1658 - सामुगढ़ की लड़ाई में औरंगजेब ने दारा शिकोह को शिकस्त दी और दिल्ली के तख्त पर कब्जा किया।

1922 - एक्वाडोर को आजादी मिली।

1947 - इंडियन स्टैंडर्ड इंस्टिट्यूट की स्थापना।

1953 - शेरपा तेनजिंग और न्यूजीलैंड के पर्वतारोही एडमंड हिलेरी ने इतिहास में पहली बार माउंट एवरेस्ट के शिखर पर पहुंचने में काबयाबी हासिल की।

1968 - दारा सिंह ने पहलवानी में विश्व चैंपियनशिप पर कब्जा किया।

1970 - सोवियत संघ ने भूमिगत परमाणु परीक्षण किया।

1985 - यूरोपीय फुटबॉल कप के दौरान दो टीमों के प्रशंसकों के बीच हुई झड़प में 39 लोगों की मौत हो गई।

1987 - भारत के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का निधन।

1988 - पाकिस्तान के राष्ट्रपति जिया उल हक ने सरकार को बर्खास्त कर संसद को भंग किया।

1990 - बोरिस येल्तसिन सोवियत संघ के राष्ट्रपति निर्वाचित।

1990 - दक्षिणी अमेरिकी देश पेरू में भीषण भूकंप आया।

1999 - नाइजीरिया में नागरिक सत्ता की स्थापना।

1999 - 'डिस्कवरी' अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केन्द्र से जुड़ा। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाला पहला अंतरिक्ष यान था।

2003 - ब्रिटिश प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर इराक के पुनर्निर्माण कार्यों का आकलन करने के लिए बसरा पहुँचे।

2004 - म्यांमार में चक्रवाती तूफान ने 140 लोगों की जान ली। पाकिस्तान ने परमाणु वैज्ञानिक अब्दुल कादिर ख़ान पर लगाये गये प्रतिबंधों में ढील दी।

2007 - जापान की रियो मोरी मिस यूनिवर्स 2007 बनीं।

2008 - भारतीय जनता पार्टी के नेता वीएस येदुरप्पा ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

2008 - इंटरनेट सर्च इंजन गूगल ने सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट माइस्पेस के साथ ई-मेल सम्बन्धी समझौता किया।

2008 - नेपाली सरकार ने राजतंत्र का अन्त कर गणतंत्र की घोषणा करते हुए शाही महलों सहित देश के सभी भागों से राजतंत्र के सभी चिह्न हटाते हुए राष्ट्रध्वज को मान्यता दी।

2010 - अमेरिका और भारत के बीच सितंबर 2008 में हुए 123 अग्रीमेंट में छोड़ दिए गए परमाणु ईंधन की रिप्रोसेसिंग के पहलू पर अमेरिकी प्रशासन ने सहमति का ऐलान किया।

2010 - भारत की राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने हेनान प्रांत के लुओयांग में पहली सदी के प्राचीन श्वेताश्व व्हाइट हार्स मंदिर परिसर में भारतीय शैली से निर्मित एक बौद्ध मंदिर का लोकार्पण किया। भारत की ओर से बनाये गये इस मंदिर पर क़रीब 18 करोड़ रुपये की लागत आयी थी। इसके निर्माण में तीन वर्ष लगे।

2015 - भारत के तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप, 1800 की मौत।

जन्म

1865 - रामानन्द चैटर्जी - पत्रकारिता जगत के एक पुरोगामी शख्सियत थे।

1905 - हीराबाई बरोदेकर - किराना घराने की हिन्दुस्तानी शस्त्रीय गायिका थीं।

1906 - कन्हैयालाल मिश्र प्रभाकर - हिन्दी के जाने-माने निबंधकार।

1942 - हुल्लड़ मुरादाबादी - भारत के प्रसिद्ध व्यंग्य कवि थे।

1954 - मदन कश्यप - भारत के जानेमाने कवि हैं।

1977 - एल. मुरुगन - भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिज्ञ और अधिवक्ता हैं।

निधन

1933 - लोकराम नयनराम शर्मा - भारत के स्वतंत्रता सेनानी, पत्रकार और संगठनकर्त्ता

1972 - पृथ्वीराज कपूर - हिंदी फ़िल्म और रंगमंच अभिनय के इतिहास पुरुष, जिन्होंने मुम्बई में 'पृथ्वी थिएटर' स्थापित किया।

1977 - सुनीति कुमार चटर्जी - भारत के प्रसिद्ध भाषाविद, साहित्यकार तथा विद्याशास्त्री

1987 - चौधरी चरण सिंह - भारत के पाँचवें प्रधानमंत्री, जो किसानों की आवाज़ बुलन्द करने वाले प्रखर नेता माने जाते थे।

2020 - योगेश (गीतकार) - प्रसिद्ध भारतीय गीतकार और लेखक थे।

2020 - अजीत जोगी - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनीतिज्ञ व राजनेता थे।

महत्वपूर्ण अवसर

- माउंट एवरेस्ट दिवस।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags