मौसम ने बदली करवट, दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश से गर्मी से मिली राहत

युगवार्ता    28-May-2026
Total Views |
दिल्ली मौसम


दिल्ली बारिश


नई दिल्ली, 28 मई (हि.स.)। मौसम विभाग के पूर्वानुसार गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने से यहां के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग केन्द्र (आईएमडी) के वैज्ञानिक उमाशंकर दास ने जारी बुलेटिन में बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में पिछले कई दिनों से जारी भीषण लू से आज राहत मिली है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित अधिकतर हिस्सों से उष्ण लहर का प्रभाव कम दिखा है। यहां पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवा के क्षेत्र सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।

उन्होंने कहा, “देश के विभिन्न हिस्सों में आने वाले दिनों में आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

इन क्षेत्रों में 29 मई को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि का अनुमान है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का भी पूर्वानुमान है।”

उन्होंने बताया कि राजस्थान में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति जारी रह सकती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में ओलावृष्टि का प्रभाव भी देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 29-30 मई को ओलावृष्टि का भी पूर्वानुमान है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल में 31 मई तक तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट देखी जाएगी लेकिन 1-3 जून के बीच यह फिर से 2-3 डिग्री बढ़ सकता है। बिहार, झारखंड और ओडिशा में 29-30 मई को गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है।

उमाशंकर ने बताया कि उत्तर पाकिस्तान और उससे सटे इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है। इसके साथ देश के विभिन्न हिस्सों में चक्रवात संचालन, निम्न दबाव बना हुआ है जिससे ओलावृष्टि होने का अनुमान है। इसके प्रभाव से आगामी 28-30 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में दिन के तापमान में 6-8 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है लेकिन 31 मई से 3 जून के बीच तापमान में फिर से 4-6 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है। वहीं, देश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मध्य भाग के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान में तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा लेकिन 29 मई से 3 जून के बीच तापमान में 3-5 डिग्री की गिरावट आएगी जबकि अन्य हिस्सों में 3 जून तक कोई बदलाव नहीं होगा।

उन्होंने बताया कि उत्तर-पूर्वी राज्य के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 1-3 जून के दौरान भी इन राज्यों में भारी बारिश का प्रभाव बना रहेगा। दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु और दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके अलावा, लक्षद्वीप में 1 जून को भारी बारिश हो सकती है। हालांकि, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में कुछ जगहों पर उष्ण रातों और लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। गुजरात के कुछ इलाकों में 31 मई से 2 जून के बीच गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags