रूस की अमेरिका-ईरान से संयम बरतने की अपील, परमाणु विवाद सुलझाने में मदद की पेशकश

युगवार्ता    28-May-2026
Total Views |

मॉस्को, 29 मई (हि.स.)। रूस ने अमेरिका और ईरान के मध्य बढ़ते तनाव के बीच दोनों देशों से बातचीत जारी रखने और किसी भी संभावित सैन्य टकराव से बचने की अपील की है। मॉस्को ने यह भी संकेत दिया है कि वह ईरान के उच्च स्तर तक संवर्धित यूरेनियम के मुद्दे के समाधान में सहयोग देने को तैयार है।

रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने कहा कि रूस चाहता है कि वॉशिंगटन और तेहरान दोबारा संघर्ष की राह पर न लौटें और कूटनीतिक वार्ता को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि मॉस्को ईरान से उच्च स्तर तक संवर्धित यूरेनियम हटाने में मदद कर सकता है, हालांकि वह अपनी किसी भी पहल को जबरन लागू नहीं करना चाहता।

परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि अमेरिका ईरान को उच्च स्तर तक संवर्धित यूरेनियम रखने की अनुमति नहीं देगा।

रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के पास मौजूद लगभग 440 किलोग्राम 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम फिलहाल दोनों देशों के बीच सबसे बड़ा विवाद बना हुआ है। इसी मुद्दे पर चल रही शांति वार्ताएं भी अटकी हुई बताई जा रही हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags