मटेता के गोल से क्रिस्टल पैलेस ने जीता पहला यूरोपीय खिताब, बना यूईएफए कॉन्फ्रेंस लीग चैंपियन

युगवार्ता    28-May-2026
Total Views |
ट्रॉफी के साथ क्रिस्टल पैलेस की टीम


लीपज़िग, 28 मई (हि.स.)। जीन-फिलिप मटेता के दूसरे हाफ में किए गए निर्णायक गोल की बदौलत क्रिस्टल पैलेस ने बुधवार रात यूईएफए कॉन्फ्रेंस लीग फाइनल में रायो वायेकेनो को 1-0 से हराकर क्लब इतिहास का पहला यूरोपीय खिताब अपने नाम कर लिया। यह जीत टीम के मैनेजर ओलिवर ग्लासनर के लिए भी शानदार विदाई साबित हुई।

क्रिस्टल पैलेस को घरेलू सीजन में शानदार प्रदर्शन के आधार पर शुरुआत में यूरोपा लीग में जगह मिली थी, लेकिन यूईएफए के मल्टी-क्लब ओनरशिप नियमों के चलते टीम को कॉन्फ्रेंस लीग में भेज दिया गया। हालांकि टीम ने इसे निराशा नहीं बनने दिया और पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाते हुए यूरोपीय मंच पर ऐतिहासिक सफलता हासिल की।

मैच का निर्णायक क्षण 51वें मिनट में आया, जब एडम व्हार्टन के लंबी दूरी के शॉट को रायो गोलकीपर ऑगस्तो बताला पूरी तरह रोक नहीं सके। गेंद उनके हाथों से छिटककर मटेता के पास पहुंची और फ्रांसीसी स्ट्राइकर ने करीब से आसान गोल दागते हुए क्रिस्टल पैलेस को बढ़त दिला दी।

इसके बाद रायो वायेकेनो ने बराबरी की कोशिशें तेज कीं। यरेमी पिनो का फ्री-किक दोनों पोस्ट से टकराया, जबकि जॉर्ज डी फ्रूटोस भी गोल के करीब पहुंचे, लेकिन क्रिस्टल पैलेस की मजबूत डिफेंस ने उन्हें सफलता नहीं मिलने दी।

पहले हाफ में दोनों टीमों की ओर से एक भी शॉट लक्ष्य पर नहीं गया था। हालांकि दूसरे हाफ में पैलेस ने अधिक आक्रामक शुरुआत की और आखिरकार मैच का एकमात्र गोल करने में सफल रही।

यह क्रिस्टल पैलेस के 120 साल के इतिहास का दूसरा बड़ा खिताब है और क्लब अब पिछले चार वर्षों में कॉन्फ्रेंस लीग जीतने वाली तीसरी इंग्लिश टीम बन गया है। इससे पहले वेस्ट हैम यूनाइटेड और चेल्सी यह ट्रॉफी जीत चुके हैं।

मैनेजर ओलिवर ग्लासनर ने मैच के बाद कहा, “यह बेहद कड़ा और प्रतिस्पर्धी मुकाबला था, जिसमें एक मौके ने अंतर पैदा किया। हमारे मिडफील्डरों एडम व्हार्टन और कामादा ने शानदार प्रदर्शन किया। व्हार्टन ने जिस मूव से गोल का मौका बनाया, वही मैच का निर्णायक पल साबित हुआ।”

रायो वायेकेनो के लिए यह हार बेहद भावुक करने वाली रही। क्लब अपने इतिहास का पहला यूरोपीय खिताब जीतने की कोशिश कर रहा था। मैच खत्म होने के बाद भी उसके समर्थक लंबे समय तक स्टेडियम में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे।

रायो मिडफील्डर इसी पलाजोन ने कहा, “हमें इस पूरे सीजन पर गर्व होना चाहिए। हमने शानदार सफर तय किया। क्रिस्टल पैलेस बहुत अच्छी टीम है और उन्होंने मिले मौके का पूरा फायदा उठाया।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Tags