भाजपा उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक का इतिहास रचेगी : नितिन नवीन

युगवार्ता    28-May-2026
Total Views |
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते  हुए।


भाजपा प्रदेश मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की  मौजूदगी में बैठक।


देहरादून, 28 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवींन ने कहा कि भाजपा उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक का इतिहास रचेगी। उन्होंने बूथ सशक्तिकरण को चुनावी सफलता की कुंजी बताते हुए प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों को दो-दो दिन विधानसभा प्रवास करने के निर्देश दिए।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रदेश संगठन कोर कमेटी और मंत्री समूह की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देवतुल्य जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर पार्टी हैट्रिक लगाएगी। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तराखंड की जनता का भाजपा पर विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के फैसलों, विकास कार्यों और धर्म-संस्कृति संरक्षण के प्रयासों की देशभर में चर्चा हो रही है।

उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बूथ सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए संगठन पदाधिकारियों को हारे हुए बूथों पर अलग रणनीति के तहत कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलता का आधार बूथ स्तर का मजबूत संगठन है और उसी दिशा में व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विशेष रूप से उन बूथों पर फोकस करने को कहा जहां पार्टी पिछले चुनावों में जीत हासिल नहीं कर पाई थी। इसके लिए अलग-अलग टीमें बनाकर जमीनी स्तर पर रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।

मंत्री समूह की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए कहा कि उत्तराखंड विकास के कई मानकों पर बड़े राज्यों को चुनौती दे रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

महेंद्र भट्ट ने बताया कि भाजपा की चुनावी रणनीति पूरी तरह बूथ आधारित है और इसी विषय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बैठक में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए बूथ प्रबंधन को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। पूरी बैठक 2027 विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक सुनिश्चित करने की रणनीति पर केंद्रित रही।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि विशेष रूप से उन बूथों पर फोकस किया जाएगा जहां भाजपा पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में जीत हासिल नहीं कर पाई थी। ऐसे बूथों के लिए अलग-अलग टीमें गठित की जाएंगी और वहां संगठनात्मक गतिविधियों को तेज किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि प्रदेश कोर कमेटी के सभी सदस्य जून, जुलाई और अगस्त माह में अलग-अलग विधानसभाओं में दो-दो दिन का प्रवास करेंगे। इस दौरान कोर कमेटी सदस्य संबंधित विधानसभा की कोर कमेटी और बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद कर जमीनी रणनीति तैयार करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रवास के दौरान स्थानीय समस्याओं का फीडबैक भी लिया जाएगा, ताकि सरकार को उनके समाधान के लिए सुझाव दिए जा सकें। शीघ्र ही रणनीति तय कर कोर कमेटी सदस्यों को उनके प्रभाव और जिम्मेदारी के अनुसार विधानसभाएं आवंटित की जाएंगी।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा प्रतिद्वंद्वी दलों की रणनीति और कार्यक्रमों का भी अध्ययन करेगी तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए नए कार्यक्रमों और अभियानों पर कार्य किया जाएगा।

पार्टी मुख्यालय पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी एल संतोष का औपचारिक स्वागत प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, सरकार के कैबिनेट मंत्रियों, सांसदों और वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ से किया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम उत्तराखंड आगमन पर उनका भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं की ओर से भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। इस दौरान ढोल-दमौ, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समूचा कार्यालय परिसर गूंजता रहा। अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर उमड़े कार्यकताओं ने पुष्पवर्षा कर जबरदस्त स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उत्तराखंड के उनके इस तीन दिवसीय संगठनात्मक प्रवास को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Tags