ओडिशा में भाजपा सरकार के दूसरी वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी

युगवार्ता    29-May-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी


भुवनेश्वर, 29 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ओडिशा में भाजपा सरकार के दूसरी वर्षगांठ समारोह में शामिल होंगे। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार देर शाम को एक कार्यक्रम के दौरान दी।

भुवनेश्वर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को समारोह में शामिल होने के लिए व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया था, जिस पर बुधवार को सकारात्मक सहमति मिल गई।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने प्रधानमंत्री को ओडिशा में भाजपा सरकार के दूसरे स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया था। कल हमें इस संबंध में सकारात्मक जवाब मिला।”

हालांकि प्रधानमंत्री किस तारीख को ओडिशा आयेंगे, यह अभी निश्चित नहीं हुआ है।

मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने समारोह को सादगीपूर्ण ढंग से आयोजित करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, राज्य सरकार 12 जून से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। इसके साथ ही सरकार पिछले दो वर्षों की उपलब्धियों और प्रमुख जनहितकारी पहलों को जनता तक पहुंचाने के लिए विशेष मीडिया अभियान भी चलाएगी।

समारोह के दौरान ओडिशा की विकास यात्रा, विभिन्न क्षेत्रों में संभावनाओं तथा ‘विकसित ओडिशा 2036’ विजन के अनुरूप भविष्य की योजनाओं को प्रदर्शित करने के लिए थीम आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

10 दिवसीय कार्यक्रम के तहत राज्य के मंत्री अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों को लेकर प्रेस वार्ता करेंगे। वहीं, विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए पुस्तिकाएं और प्रचार सामग्री भी वितरित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो

Tags