असम के तिनसुकिया से उल्फा-आई में शामिल होने के आरोप में तीन युवक हिरासत में

युगवार्ता    29-May-2026
Total Views |

तिनसुकिया (असम), 29 मई (हि.स.)। असम के तिनसुकिया जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम-इंडिपेंडेंट (उल्फा-आई) में शामिल होने की कथित कोशिश के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान नंबर-2 नलोनी गांव निवासी बिजॉय मोरान (28), नंबर-2 टेकेरी गांव निवासी अंतु मोरान (34) तथा न्यूटन मोरान (22) के रूप में हुई है। तीनों पेंगेरि थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये युवक संगठन के संपर्क में आने और उसमें शामिल होने की योजना बना रहे थे। इसके आधार पर पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर उन्हें हिरासत में लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीनों से पूछताछ की जा रही है ताकि उनके संभावित संपर्कों, भर्ती नेटवर्क और इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

उल्लेखनीय है कि, ऊपरी असम और अरुणाचल प्रदेश से सटे इलाकों में हाल के दिनों में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने उग्रवादी गतिविधियों, ओवर ग्राउंड वर्करों (ओजीडब्ल्यू) तथा भर्ती नेटवर्क के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी भी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Tags