मप्र के रतलाम में गाय का कटा सिर मिलने के मामले में दंपति सहित तीन गिरफ्तार

युगवार्ता    29-May-2026
Total Views |
रतलाम में प्रदर्शन करते हुए हिंदू कार्यकर्ता


भोपाल, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में गत दिवस मिले गाय के कटे सिर के मामले में हिन्दू संगठनों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने देर रात तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही कटे सिर और गौवंश के अवशेषों को भी जांच के लिए सागर लैब भेज दिया गया है।

रतलाम के राजीव गांधी सिविक सेंटर परिसर में गुरुवार को गाय का कटा सिर मिलने के बाद शहर में तनाव की स्थिति हो गई थी। हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया था। बड़ी संख्या में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गाय के कटे सिर को लोकेंद्र टॉकिज चौराहे पर रखा चक्काजाम कर दिया था। दोपहर एक बजे से विरोध शुरू हुआ जो शाम करीब 6 बजे खत्म हुआ था।

हिन्दू संगठन के पदाधिकारियों का कहना था कि सिविक सेंटर के जिस क्षेत्र में गाय को काटा गया है, वहां पर लकड़ियों पर मांस टंगा हुआ था और कुछ पकाने के लिए हांडी में रखा था। पास में ही गाय का कटा सिर था। चूंकि क्षेत्र नगर निगम से जुड़ा है तो उनके अधिकारियों की जिम्मेदारी बनती है। गुरुवार को सात दिन में जांच कर कार्रवाई के आश्वासन के बाद हिंदू संगठन माने और चक्काजाम खत्म किया था।

इसके बाद देर रात बजरंग दल के कुंदन गवली ने कार्यकर्ताओं के साथ स्टेशन रोड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने रिपोर्ट में बताया कि गाय के सिर काटने की सूचना पर हम साथियों के साथ सिविक सेंटर स्थित पानी की टंकी के पास पहुंचे। साठियों की अवैध झोपड़ियों के पास गौ माता का सिर कटा हुआ मिला है। झोपड़ी में देखा तो एक व्यक्ति व दो महिलाएं चाकू से मांस के टुकड़े कर रही थीं। झोपड़ी में बांस की लकड़ियों पर कुछ मांस के टुकड़े टांग रखे थे। पकाने के लिए मांस हांडी में रख रखा था।

स्टेशन रोड थाना प्रभारी सीएसपी अजय सारवान ने शुक्रवार को बताया कि मामले में पुलिस ने हिंदू संगठनों की रिपोर्ट पर झोपड़ी में रहने वाले मोहन (70) पुत्र राम साठिया, उनकी पत्नी कापूबाई और रेशमबाई पत्ती बच्चा साठिया के खिलाफ के खिलाफ गौ वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है और तीनों को गिरफ्तार कर मामले को जांच में लिया है। जांच में अगर और कोई भी सामने आता है तो उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags