राजस्थान में एनआईए का बड़ा एक्शन : अजमेर-नीमराना समेत 12 ठिकानों पर मारा छापा

युगवार्ता    29-May-2026
Total Views |
राजस्थान में एनआईए का बड़ा एक्शन: अजमेर-नीमराना समेत 12 ठिकानों पर एनआईए ने मारी रेड


- पाकिस्तानी आतंकी मॉड्यूल से जुड़े तार खंगाले

जयपुर, 29 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को राजस्थान सहित देश के चार राज्यों में बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए बारह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई पाकिस्तान से संचालित आतंकी और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े मॉड्यूल के खिलाफ की गई। राजस्थान में अजमेर और नीमराना (बहरोड़-कोटपूतली) में एनआईए की टीमों ने दबिश देकर संदिग्धों से पूछताछ की और कई डिजिटल उपकरण व दस्तावेज जब्त किए।

एनआईए सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पाकिस्तान के ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े आतंकी मॉड्यूल की जांच के तहत की गई है। एनआईए की टीमें उत्तर प्रदेश में पांच,राजस्थान और बिहार में दो-दो तथा महाराष्ट्र में तीन ठिकानों पर पहुंचीं। जब्त किए गए डिजिटल सबूतों की फोरेंसिक जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार अजमेर के बोराज रोड स्थित अंबिका विहार कॉलोनी में एनआईए की टीम शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे एक रिटायर्ड शिक्षक के मकान पर पहुंची। यहां किराये पर रह रहे भीलवाड़ा मूल निवासी परमेश मीणा को हिरासत में लेकर घंटों पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक परमेश मीणा लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में था और उसके संदिग्ध संबंध पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि एनआईए ने उसके मोबाइल डेटा, विदेशी नंबरों से संपर्क और संदिग्ध डिजिटल ट्रांजैक्शन के आधार पर कार्रवाई की। पूछताछ के बाद एजेंसी उसे कड़ी सुरक्षा के बीच अपने साथ दिल्ली ले गई। हालांकि एनआईए की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

नीमराना में भी एनआईए और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया। उसे थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है। एजेंसी अब संदिग्ध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और फंडिंग एंगल की जांच में जुटी है।

सूत्रों के अनुसार जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान स्थित नेटवर्क भारत-पाक सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियार, गोला-बारूद और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) भेजने की साजिश में शामिल था। आशंका है कि इन हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल पंजाब, दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में बड़े आतंकी हमलों और धमाकों के लिए किया जाना था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक शहजाद भट्टी पाकिस्तान का कुख्यात गैंगस्टर है, जिसके आईएसआई से जुड़े होने की भी आशंका है। बताया जा रहा है कि वह दुबई से अपना नेटवर्क संचालित करता है और सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय युवाओं को भड़काने तथा उन्हें स्लीपर सेल के रूप में तैयार करने का प्रयास कर रहा है। सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिले हैं कि पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के युवाओं को निशाना बनाकर उन्हें नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Tags