कानूनविद सुरोजित नाथ मित्र बने पश्चिम बंगाल के महाधिवक्ता

युगवार्ता    29-May-2026
Total Views |

कोलकाता, 29 मई (हि.स.)।पश्चिम बंगाल सरकार ने वरिष्ठ अधिवक्ता सुरोजित नाथ मित्र को राज्य का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को लेकर शुक्रवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई। वह राज्य के पूर्व महाधिवक्ता किशोर दत्ता की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

किशोर दत्ता ने राज्य विधानसभा चुनाव में ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की हार के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से नए महाधिवक्ता की नियुक्ति को लेकर कानूनी और राजनीतिक हलकों में चर्चा चल रही थी।

सुरोजित नाथ मित्र मार्च 1983 से विधि पेशे से जुड़े हुए हैं और उन्हें चार दशक से अधिक का कानूनी अनुभव प्राप्त है। उन्होंने 1978 से 1982 के बीच कलकत्ता विश्वविद्यालय से कानून और अर्थशास्त्र की पढ़ाई की। वह मुख्य रूप से सिविल और वाणिज्यिक मामलों के विशेषज्ञ माने जाते हैं।

अपने लंबे कानूनी करियर में उन्होंने कई कॉर्पोरेट संस्थाओं और निजी पक्षकारों का प्रतिनिधित्व किया है। वर्ष 2023 में वह राज्य विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति को चुनौती देने वाले मामले में राज्यपाल, जो विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति भी होते हैं, की ओर से अदालत में पेश हुए थे। इसके अलावा वह कई वाणिज्यिक विवादों में मध्यस्थ की भूमिका भी निभा चुके हैं।

कानूनी क्षेत्र में उनके अनुभव और विशेषज्ञता को देखते हुए उनकी नियुक्ति को पश्चिम बंगाल सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Tags