मुंबई, 29 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले के हड़पसर और फुगे वाड़ी इलाके में कथित तौर पर जहरीली देसी शराब पीने से 8 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सभी का इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी मिलते ही पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार से बात की और इस घटना को अत्यंत गंभीर बताया। साथ ही दोषियों पर कठोर से कठोर कार्रवाई करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी को बक्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
राज्य आबकारी विभाग के आयुक्त अतुल कानड़े ने बताया कि इस घटना में पाडुरंग फुगे, विजय प्रकाश राठौड ,राजेंद्र प्रकाश राठौड ,राजू राजपूत ,अकबर पठाण ,बाबा शेख ,आनंद देसाई और आनंद निकालजे की मौत हो गई है। जबकि सुभाष डिगीकर ,अक्षय अवसरमल का इलाज जारी है। इस घटना में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अवैध शराब विक्रेता विरखा सिंह, वितरक योगेश वानखेड़े शामिल हैं। योगेश वानखेड़े पर इस अवैध शराब को बनाने में इस्तेमाल होने वाली इंडस्ट्रियल स्पिरिट की सप्लाई करने का शक है।
शुरुआती जाँच से पता चला है कि यह देसी शराब कथित तौर पर पड़ोसी पिंपरी-चिंचवड़ के फुगेवाड़ी में केमिकल से दूषित स्पिरिट का इस्तेमाल करके बनाई गई थी और बाद में हडपसर और आस-पास के इलाकों में बांटी गई थी। यह जहरीली शराब पीने के बाद पीडि़तों ने पेट में तेज़ दर्द और उल्टी की शिकायत की थी। उनको अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक और मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की जाँच की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव