डिजी यात्रा का उपयोग 10 करोड़ के पार, 38 हवाई अड्डों पर मिल रही तेज और आसान सुविधा

युगवार्ता    30-May-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। डिजी यात्रा ऐप के जरिए देश में 10 करोड़ से अधिक बार हवाई यात्रा की जा चुकी है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि यह भारत की डिजिटल विमानन व्यवस्था की एक बड़ी उपलब्धि है। ऐप को अब तक 2.4 करोड़ से अधिक लोगों ने डाउनलोड किया है।

मंत्रालय के अनुसार, डिजी यात्रा के इस्तेमाल से हवाई अड्डों पर यात्रियों की पहचान और प्रवेश प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी तेज हो गई है। पहले जहां एक यात्री को प्रवेश में औसतन 15 सेकंड लगते थे, अब यह समय घटकर लगभग 5 सेकंड रह गया है। इससे हवाई अड्डों पर भीड़ कम करने में मदद मिली है।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने इस उपलब्धि पर डिजी यात्रा टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह ऐप यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और लोग कागजरहित तथा संपर्करहित यात्रा को पसंद कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में डिजी यात्रा सुविधा देश के 38 हवाई अड्डों पर उपलब्ध है। अगले वर्ष 27 और हवाई अड्डों को इससे जोड़ा जाएगा। साथ ही, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा जैसे नए हवाई अड्डों पर भी यह सुविधा शुरू से उपलब्ध होगी।

मंत्री ने कहा कि अभी डिजी यात्रा 11 भाषाओं में उपलब्ध है और इस वर्ष के अंत तक इसमें 11 और भारतीय भाषाएं जोड़ी जाएंगी।

मंत्रालय के अनुसार, डिजी यात्रा में यात्रियों की गोपनीयता और डेटा सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है। यात्री की जानकारी उसके मोबाइल फोन में सुरक्षित रहती है और केवल सत्यापन के लिए सीमित समय तक ही उपयोग की जाती है।

सरकार का कहना है कि डिजिटल तकनीक के जरिए हवाई यात्रा को और अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags